1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहम्मद सिराज दलीप ट्रॉफी फाइनल में रहे बेअसर, लुटाए 96 रन, नहीं मिला कोई विकेट

मोहम्मद सिराज दलीप ट्रॉफी फाइनल में रहे बेअसर, लुटाए 96 रन, नहीं मिला कोई विकेट

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 06, 2026 07:19 pm IST,  Updated : Sep 06, 2026 07:19 pm IST

दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल के पहले दिन तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज विकेट लेने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए। इस दौरान वह काफी महंगे भी साबित हुए।

Mohammed Siraj - India TV Hindi
मोहम्मद सिराज Image Source : PTI

दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मैच ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन की टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 385 रन बना लिए हैं। ईस्ट जोन की तरफ से पहली पारी में ईशान किशन ने शानदार शतक लगाया। वहीं अभिमन्यु ईश्वरन, शिखर मोहन और कुमार कुशाग्र ने अर्धशतकीय पारी खेली। इस मुकाबले के पहले दिन साउथ जोन के बॉलर्स विकेट के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए। खासकर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का प्रदर्शन पहले दिन काफी ज्यादा निराशाजनक रहा।

सिराज ने पहले दिन लुटाए खूब रन

फाइनल मैच के पहले दिन मोहम्मद सिराज को 14 ओवर गेंदबाजी करने का मौका मिला और वहां उन्होंने 6.90 की इकॉनमी रेट से 96 रन खर्च किए। इस दौरान उन्होंने दो नो बॉल फेंके। सिराज आज पहले और तीसरे स्पेल में काफी महंगे साबित हुए। तीसरे स्पेल में उन्हें 4 ओवर बॉलिंग करने का मौका मिला और वहां उन्होंने 31 रन खर्च किए। इससे पहले उन्हें पांच-पांच ओवर के दो स्पेल में बॉलिंग करने का मौका मिला। पहले स्पेल में उन्होंने 41 रन लुटा दिए। वहीं दूसरे स्पेल में उन्होंने 26 रन दिए। लेकिन इस दौरान उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

111 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं ईशान किशन

मैच की बात करें तो ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। ईश्वरन ने 86 गेंदों में 72 रन बनाए। वहीं वैभव 37 बॉल पर 44 रन की पारी खेलने में कामयाब रहे। नंबर 3 के बल्लेबाज शिखर मोहन ने 85 रन की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान ईशान किशन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। वह 135 बॉल पर 111 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं कुमार कुशाग्र भी 63 रन बनाकर नाबाद रहे।

चामा मिलिंद को मिले दो विकेट

साउथ जोन की बॉलिंग की बात करें तो चामा मिलिंद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 13 ओवर में 56 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। वहीं एक विकेट त्रिपुराणा विजय को मिला। ईश्वरन इस मैच में काफी अनलकी रहे। वह रनआउट होकर पवेलियन लौटे। अब इस मैच के दूसरे दिन साउथ जोन के बॉलर्स वापसी कर पाते हैं या नहीं ये देखना दिलचस्प होगा।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी का नॉकआउट मैचों में कैसा रहा है प्रदर्शन? इस साल बनाए हैं 700 प्लस रन

ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी फाइनल में ठोका दमदार शतक, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पूरे किए 4000 रन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल