भारतीय घरेलू क्रिकेट की प्रतिष्ठित ट्रॉफी दलीप ट्रॉफी के मौजूदा सीजन का फाइनल मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीम के बीच में खेला जा रहा है। इस खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन टीम के कप्तान ईशान किशन ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने का उनका फैसला पूरी तरह से सही साबित हुआ। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन की टीम ने ईशान किशन की दमदार शतकीय पारी के बदौलत 4 विकेट के नुकसान पर 385 रन बना लिए हैं।
टीम ने 45वें ओवर में अपने 200 रन पूरे किए। चौथे विकेट के लिए कप्तान ईशान किशन और शिखर मोहन के बीच 94 रनों की अच्छी साझेदारी हुई। हालांकि, शिखर शतक बनाने से चूक गए और 85 रन (9 चौके और 3 छक्के) बनाकर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने तक ईशान किशन और कुमार कुशाग्र नाबाद रहे। ईशान 111 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं कुमार कुशाग्र 63 रन बनाकर नाबाद लौटे। अब दूसरे दिन ये दोनों बल्लेबाज यहां से टीम को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहेंगे। पहले दिन साउथ जोन के गेंदबाज विकेट के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए।
फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
ईस्ट जोन - अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, ईशान किशन (विकेटकीपर), शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, एमडी कौनैन कुरैशी, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार, मुकेश कुमार।
साउथ जोन - रिकी भुई, नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद, एमडी निधिश।