1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास, भारत के लिए डेब्यू करने वाले बने सबसे युवा खिलाड़ी

वैभव सूर्यवंशी ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास, भारत के लिए डेब्यू करने वाले बने सबसे युवा खिलाड़ी

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 04, 2026 06:25 pm IST,  Updated : Jul 04, 2026 07:07 pm IST

वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में मौका मिला है। वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : X@BCCI

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का दूसरा मैच मेनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में 15 साल के भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका मिला है। डेब्यू कैप मिलते ही वैभव ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह अब भारत के लिए मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 15 साल और 99 दिन की उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया है। उन्हें तिलक वर्मा ने डेब्यू कैप दिया।

सचिन ने 16 साल की उम्र में किया था इंटरनेशनल डेब्यू

इससे पहले भारत के लिए मेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। सचिन ने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ 16 साल और 205 दिन की उम्र में अपना पहला मैच खेला था। वहीं वैभव ने 15 साल और 99 दिन की उम्र में डेब्यू करने का सचिन का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। फैंस आयरलैंड सीरीज से ही उनके डेब्यू का इंतजार कर रहे थे।

भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी

  • 15 साल 99 दिन - वैभव सूर्यवंशी बनाम इंग्लैंड, 2026
  • 16 साल 205 दिन – सचिन तेंदुलकर बनाम पाकिस्तान, 1989
  • 17 साल 75 दिन – पीयूष चावला बनाम इंग्लैंड, 2006
  • 17 साल 118 दिन – एल शिवरामकृष्णन बनाम वेस्टइंडीज, 1983
  • 17 साल 152 दिन – पार्थिव पटेल बनाम इंग्लैंड, 2002
  • 17 साल साल 193 दिन – मनिंदर सिंह बनाम पाकिस्तान, 1982

आईपीएल 2026 में वैभव ने सबसे ज्यादा रन बनाकर जीता था ऑरेंज कैप

वैभव सूर्यवंशी इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। आईपीएल 2026 में उनके बल्ले से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। वैभव ने आईपीएल 2026 में कुल 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीता था। इससे पहले उन्होंने अंडर- 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन बनाए थे। इसी अच्छे प्रदर्शन के कारण उन्हें टीम इंडिया में जगह मिली है। अब फैंस को उम्मीद है कि वैभव इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में भी बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।

यह भी पढ़ें

अभिषेक शर्मा के पास दूसरे टी20 में दो बड़े कारनामे करने का मौका, हार्दिक और सूर्यकुमार यादव को छोड़ सकते हैं पीछे

फ्री में कैसे देखें इंडिया वर्सेस इंग्लैंड दूसरे टी20 मैच, जानिए लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी पूरी डिटेल्स

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल