भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विस्फोटक ओपनर शेफाली वर्मा का बल्ला इन दिनों जमकर बोल रहा है। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे T20 इंटरनेशनल मुकाबले में उन्होंने एक और अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया। शेफाली अब महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर के दौरान सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने इस मामले में अपनी साथी खिलाड़ी स्मृति मंधाना को पीछे छोड़ दिया है।
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में शेफाली ने महज 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस सीरीज में यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा, जबकि साल 2026 में महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने 9वीं बार अर्धशतक जड़ा। इस उपलब्धि के साथ T20I क्रिकेट में वह एक साल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गईं। इस मुकाबले से पहले शेफाली और स्मृति मंधाना संयुक्त रूप से पहले स्थान पर थीं। अब शेफाली ने 9 अर्धशतकों के साथ शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है।
स्मृति मंधाना और मिताली राज को छोड़ा पीछे
महिला T20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर ईयर के दौरान सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में शेफाली ने भारतीय बल्लेबाजों के बीच नया रिकॉर्ड बनाया है। स्मृति मंधाना ने साल 2024 में 23 मैच खेलकर आठ अर्धशतक लगाए थे। वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज ने 2018 में 22 मैचों में सात अर्धशतक जड़े थे। शेफाली ने 2026 में अब तक 27 मैचों में एक शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं। उनके बल्ले से इस साल 972 रन निकल चुके हैं। पिछले पांच महिला T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं।
यही नहीं, शेफाली ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 5 छक्के जड़ते हुए T20 क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का कीर्तिमान भी अपने नाम किया। इस साल अभी तक वह 52 छक्के लगा चुकी हैं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। कौर ने साल 2018 में महिला T20 क्रिकेट में 51 छक्के लगाए थे।
1000 रन बनाने से चूकीं शेफाली
शेफाली के पास जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे T20I मुकाबले में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का मौका था। वह महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में 1000 रन बनाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन सकती थीं। इसके लिए उन्हें मैच में कम से कम 78 रन बनाने थे, लेकिन वह 69 रन बनाकर आउट हो गईं और इस उपलब्धि से 9 रन दूर रह गईं। इसके बावजूद शेफाली एक साल में महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनी हुई हैं। इस सूची में साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2026 में 24 मैचों में 824 रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ें:
शेफाली वर्मा ने 5 छक्के लगाकर रच दिया इतिहास, तोड़ा हरमनप्रीत कौर का बड़ा रिकॉर्ड