भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच मेनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला गया, जिसे इंग्लैंड ने 4 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाने में कामयाब रही। भारत की तरफ इस मैच में कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया। इंग्लैंड की टीम ने इस टारगेट को ओवर में आसानी से हासिल कर लिया। इंग्लैंड की तरफ से इस मैच में जैकब बेथल ने 46 बॉल पर नाबाद 76 रन की मैच विनिंग पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए। उनके अलावा कप्तान हैरी ब्रूक ने 15 बॉल पर 39 रन की तेज पारी खेली। पांच मैचों की इस सीरीज में इंग्लैंड 1-0 से आगे है। आपको बता दें कि इस सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से पूरा नहीं हो पाया था।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में 50 रन जोड़े। डेब्यूटेंट वैभव इस मैच में 10 बॉल पर 14 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद उनके जोड़ीदार अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौका और एक छक्का लगाया। यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 42 बॉल पर 65 रन की साझेदारी हुई। कप्तान अय्यर इस मैच में 22 बॉल पर 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं ईशान किशन ने 40 बॉल पर 49 रन की पारी खेली। बाकी का कोई भी बल्लेबाज इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर पाया। इंग्लैंड की गेंदबाजी की बात करें तो वहां सैम करन ने 4 ओवर में 32 रन खर्च करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए।
दूसरे टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग