1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तू यहां छोले बेचने आया है? वसीम अकरम ने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को जमकर लताड़ा

तू यहां छोले बेचने आया है? वसीम अकरम ने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को जमकर लताड़ा

इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान टीम के खराब प्रदर्शन और टेस्ट कप्तानी को लेकर पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने बाबर आजम पर तीखा हमला बोला है।

Pakistan Cricket- India TV Hindi
Image Source : AFP वसीम अकरम और बाबर आजम

पाकिस्तान क्रिकेट में कप्तानी को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तानी टीम के लचर प्रदर्शन और कप्तानी को लेकर पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने टीम के कप्तान बाबर आजम पर तीखा हमला बोला है। पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दोनों टेस्ट गंवा दिए थे। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने टीम में बड़ा बदलाव करते हुए 7 खिलाड़ियों को वापस घर भेज दिया और कोचिंग स्टाफ में भी फेरबदल किया। बर्मिंघम में खेले गए तीसरे टेस्ट से पहले टॉस के दौरान बाबर से इन बदलावों को लेकर सवाल किया गया था।

अकरम ने बाबर को जमकर लताड़ा

बाबर आजम ने कहा था कि उन्हें भी इन घटनाक्रमों की जानकारी नहीं थी। बाबर का यह जवाब वसीम अकरम को बिल्कुल पसंद नहीं आया। अकरम ने कहा कि बाबर आजम ने कहा कि उन्हें पता नहीं था। अगर आपको पता नहीं था, तो आप यहां क्या कर रहे थे? क्या आप यहां चने बेचने आए थे?

मैनचेस्टर में एक चैरिटी फंडरेजिंग कार्यक्रम के दौरान वसीम अकरम पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वकार यूनिस के साथ मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर बाबर आजम की खराब कप्तानी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। वसीम अकरम ने यह भी कहा कि किसी टीम के खिलाड़ी तब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकते, जब तक उन्हें यह भरोसा न हो कि उनका कप्तान मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी या एक व्यक्ति के तौर पर उनका मानना है कि अगर आपका लीडर या कप्तान आपके साथ खड़ा नहीं होता है, तो आप 100 प्रतिशत नहीं दे सकते। अकरम के मुताबिक, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी हार के बाद बाबर आजम को टेस्ट कप्तानी छोड़कर केवल बल्लेबाज के तौर पर खेलना चाहिए था। उन्होंने आगे कहा कि वह किसी को दोष नहीं देना चाहते और वो भी गलत हो सकते हैं। लेकिन उनकी राय में बाबर को कप्तानी नहीं लेनी चाहिए थी। यह सब अनावश्यक था। उन्होंने आगे कहा कि उनका सुझाव है कि दूसरे टेस्ट के बाद बाबर को कहना चाहिए था कि वह केवल एक खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे।

दूसरी बार मिली थी टेस्ट कप्तानी

बाबर आजम ने 5 जुलाई को शान मसूद की जगह पाकिस्तान की टेस्ट कप्तानी संभाली थी। यह टेस्ट कप्तान के रूप में उनकी वापसी थी। इससे पहले वह 2020 से 2023 तक पाकिस्तान की टेस्ट टीम की अगुआई कर चुके थे। अपने पहले कार्यकाल में बाबर ने 20 टेस्ट में कप्तानी की, जिसमें पाकिस्तान ने 10 मैच जीते, 6 गंवाए और चार मुकाबले ड्रॉ रहे।

दूसरी बार कप्तानी संभालने के बाद पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रॉ कराई और इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर पहुंची। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज पाकिस्तान के लिए बेहद खराब रही। बेन स्टोक्स की अगुआई वाली इंग्लैंड टीम ने हेडिंग्ले में पहला टेस्ट पारी और 103 रन से जीता। इसके बाद लॉर्ड्स में पाकिस्तान को 194 रन से हराकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई। तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने पलटवार करने की कोशिश की, लेकिन एक बार फिर नतीजा इंग्लैंड के पक्ष में गया। इस तरह पाकिस्तान का सीरीज में सूपड़ा साफ हो गया।

यह भी पढ़ें:

स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, महिला T20I में बन गईं सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

8 साल बाद ODI में उतरे ग्रीम क्रेमर, जिम्बाब्वे की नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में पहली जीत पर

Latest Cricket News