1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC का बांग्लादेश की कप्तान पर बड़ा एक्शन, मैच के दौरान की थी ऐसी हरकत

ICC का बांग्लादेश की कप्तान पर बड़ा एक्शन, मैच के दौरान की थी ऐसी हरकत

बांग्लादेश महिला टीम की कप्तान निगार सुल्ताना को ICC ने आचार संहिता के उल्लंघन पर आधिकारिक फटकार लगाई है। श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में आउट होने के बाद गुस्से में बल्ला फेंकने के कारण उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया।

ICC- India TV Hindi
Image Source : AFP बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना

क्रिकेट के मैदान पर भावनाओं पर काबू खोना कभी-कभी खिलाड़ियों को भारी पड़ जाता है, और ऐसा ही कुछ बांग्लादेश महिला टीम की कप्तान निगार सुल्ताना जोटी के साथ हुआ। ICC ने आचार संहिता के उल्लंघन के चलते उन्हें आधिकारिक रूप से फटकार  लगाई है। यह मामला 2 मई को बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच सिलहट में खेले गए तीसरे T20I मुकाबले के दौरान सामने आया। ICC के अनुसार, निगार सुल्ताना ने आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या मैदान की वस्तुओं के दुरुपयोग से जुड़ा है।

बल्ला जमीन पर फेंकना पड़ा भारी

दरअसल, बांग्लादेश की पारी के दौरान आउट होने के बाद निगार सुल्ताना काफी निराश नजर आईं और उन्होंने गुस्से में अपना बल्ला जमीन पर फेंक दिया। इसी हरकत के चलते ICC ने उन्हें आधिकारिक चेतावनी दी और उनके अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया।

ICC ने 4 मई को अपने बयान में कहा, निगार ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। यह पिछले 24 महीनों में उनका पहला अपराध है। ICC के नियमों के अनुसार, डिमेरिट पॉइंट्स 24 महीने तक खिलाड़ी के रिकॉर्ड में बने रहते हैं। यदि इस अवधि में चार या उससे अधिक डिमेरिट पॉइंट्स हो जाते हैं, तो वे सस्पेंशन पॉइंट्स में बदल जाते हैं, जिसके चलते खिलाड़ी पर बैन भी लग सकता है।

इस मामले में ऑन-फील्ड अंपायर एलोइस शेरिडन और शाथिरा जाकिर जेसी, तीसरे अंपायर रोकेया सुल्ताना और चौथे अंपायर चंपा चकमा ने आरोप लगाए थे। लेवल-1 के उल्लंघन पर न्यूनतम सजा फटकार होती है, जबकि अधिकतम सजा मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट्स हो सकती है।

ऐसा रहा मैच का हाल

अगर मुकाबले की बात करें, तो श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 3-0 से सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया। बारिश से प्रभावित तीसरे T20I मैच में श्रीलंका ने 3 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। टीम की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 41 रन बनाए और फिर 2 विकेट लेकर जीत में अहम योगदान दिया।

यह भी पढ़ें:

MI vs LSG Head to Head: हेड टू हेड रिकॉर्ड में लखनऊ का पलड़ा भारी, मुंबई के नाम दर्ज हैं सिर्फ इतनी जीत

आरसीबी को लगा आईपीएल के बीच करारा झटका, स्टार खिलाड़ी अचानक लौटा अपने घर

Latest Cricket News