1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 WC विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट में मचा बवाल, खिलाड़ियों ने दी धमकी, बोर्ड डॉयरेक्टर से मांगा इस्तीफा

T20 WC विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट में मचा बवाल, खिलाड़ियों ने दी धमकी, बोर्ड डॉयरेक्टर से मांगा इस्तीफा

बांग्लादेश क्रिकेट में जमकर बवाल मच हुआ है। T20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने बोर्ड डॉयरेक्टर पर हमला बोल दिया है।

Bangladesh Cricket - India TV Hindi
Image Source : PTI बांग्लादेश क्रिकेट

पिछले कुछ हफ्तों से बांग्लादेश क्रिकेट और विवाद एक-दूसरे से जुड़े नजर आ रहे हैं। खास तौर पर तब से हालात और बिगड़े हैं, जब बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया। यह फैसला उस वक्त सामने आया, जब देश में नाराजगी के बाद BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने को कहा था। हालांकि, विवाद यहीं थमा नहीं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के निदेशक नजमुल इस्लाम के बयानों ने क्रिकेट जगत में तूफान खड़ा कर दिया है। उनके बयानों से नाराज होकर बांग्लादेश के क्रिकेटरों ने सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों के बहिष्कार की धमकी दी है और उनके इस्तीफे की मांग की है।

BPL मुकाबले भी खतरे में

मौजूदा हालात को देखते हुए 15 जनवरी को खेले जाने वाले बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के मुकाबलों का आयोजन भी संदेह के घेरे में है। दरअसल, खिलाड़ी नजमुल इस्लाम द्वारा तमीम इकबाल को भारतीय एजेंट कहे जाने से बेहद आहत हैं। तमीम ने बोर्ड से बांग्लादेश क्रिकेट के हित में फैसला लेने की अपील की थी। इतना ही नहीं, नजमुल इस्लाम ने यह भी कहा कि अगर बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप से हटता है, तो इससे BCB को कोई आर्थिक नुकसान नहीं होगा, बल्कि नुकसान खिलाड़ियों को उठाना पड़ेगा क्योंकि उन्हें मैच फीस नहीं मिलेगी।

खिलाड़ियों का फूटा गुस्सा

इन बयानों को बांग्लादेशी क्रिकेटरों ने अपमानजनक करार दिया है। क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (CWAB) के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर नजमुल इस्लाम ने इस्तीफा नहीं दिया, तो खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतरेंगे। मिथुन ने कहा कि बोर्ड के एक डॉयरेक्ट द्वारा खिलाड़ियों के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। इससे पूरे क्रिकेट समुदाय को गहरा आघात पहुंचा है। अगर उन्होंने कल के मैच से पहले इस्तीफा नहीं दिया, तो हम सभी क्रिकेट गतिविधियों का बहिष्कार करेंगे।

नजमुल इस्लाम का विवादित बयान

नजमुल इस्लाम ने कहा था कि वर्ल्ड कप न खेलने से बोर्ड को कोई नुकसान नहीं होगा। नुकसान खिलाड़ियों को होगा, क्योंकि मैच फीस उन्हीं की होती है। बोर्ड को इससे न फायदा होता है और न ही नुकसान। इसके अलावा जब उनसे पूछा गया कि अगर टीम वर्ल्ड कप से हटती है तो क्या खिलाड़ियों को मुआवजा मिलेगा, तो उन्होंने गुस्से में जवाब देते हुए कहा- हम क्यों मुआवजा दें? बोर्ड खिलाड़ियों पर करोड़ों खर्च करता है, क्या खराब खेलने पर हम उनसे पैसा वापस मांगते हैं?

BCB ने बनाई दूरी

इस पूरे विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने नजमुल इस्लाम के बयानों से दूरी बना ली है। BCB ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि इन बयानों का बोर्ड से कोई लेना-देना नहीं हैं। बोर्ड ने साफ किया कि ऐसे बयान हमारे मूल्यों और सिद्धांतों के खिलाफ हैं। BCB खिलाड़ियों का पूरा सम्मान करता है और उनके योगदान को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। किसी भी खिलाड़ी का अपमान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान ने चुनी 15 खिलाड़ियों की धाकड़ टीम, पहली बार स्क्वॉड में 2 नए चेहरों को एंट्री

निकोलस पूरन क्या करेंगे टी20 वर्ल्ड कप के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी? बोर्ड ने बताया उनका फैसला

Latest Cricket News