भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से खेले जाने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप को शुरू होने में अधिक दिनों का समय नहीं बचा है। इसी बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से मना कर दिया है। पिछले काफी समय से आईसीसी और बांग्लादेश बोर्ड के बीच इस मुद्दे को लेकर बातचीत चल रही थी, जिसमें 21 जनवरी को आईसीसी ने बीसीबी को उनका अंतिम फैसला लेने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 22 जनवरी को भारत में अपनी टीम भेजने से साफतौर पर मना कर दिया, जिसके बाद बांग्लादेश खिलाड़ियों का अब दुखड़ा सामने आ रहा है, जिसमें उन्होंने वहां की अंतरिम सरकार को इस फैसले को लेने के पीछे सबसे बड़ा कारण बताया है।
मीटिंग में उन्होंने हमारे विचार नहीं ही सुने
आईसीसी की तरफ से जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अंतिम फैसला लेने के लिए 24 घंटों का समय दिया गया था, तो उन्होंने सरकार और अपने खिलाड़ियों के साथ एक आपात बैठक 23 जनवरी को बुलाई थी। इसी मीटिंग को लेकर अब क्रिकबज पर बांग्लादेश क्रिकेट टीम के एक खिलाड़ी ने दिए अपने बयान में बताया कि इस मीटिंग का उद्देश्य ये नहीं था कि उन्हें हमारे विचार जानने थे कि हमें टी20 वर्ल्ड कप में खेलना है या नहीं। उन्होंने मीटिंग में आने से पहले ही अपना फैसला ले लिया था और आने के साथ ही बता दिया कि हम वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेंगे। इससे पहले वह हमारे विचार सुनते थे, लेकिन इस बार ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। ये पूरी तरह से बांग्लादेश सरकार का फैसला था और ये ही इस पूरी कहानी की सच्चाई भी है। ये सीधा सरकार की तरफ से आया हुआ आदेश है।
अगर हम नहीं जाएंगे तो ये हमारा नुकसान है
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का फैसला आने के बाद उनके एक और खिलाड़ी ने कहा कि क्रिकेट हमारे यहां खत्म है, अगर हम टी20 वर्ल्ड कप में खेलने नहीं जाते हैं। ये हमारे लिए सबसे बड़ा नुकसान होगा, लेकिन किसको इसकी चिंता पड़ी है। वहीं सरकार और बीसीबी के साथ हुई मीटिंग में बांग्लादेश टी20 टीम के कप्तान लिटन दास के अलावा टेस्ट कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने वर्ल्ड कप में खेलने की इच्छा को जाहिर किया था, लेकिन सरकार के फैसले के आगे उनकी एक भी नहीं सुनी गई।
ये भी पढ़ें
U19 World Cup में जिम्बाब्वे पर मेहरबान हुआ पाकिस्तान, जानबूझकर स्कॉटलैंड को किया बाहर
BBL में एक और साल खेलेंगे डेविड वॉर्नर, Sydney Thunder के साथ साइन किया नया कॉन्ट्रैक्ट
Latest Cricket News