टी20 क्रिकेट आने के बाद से बल्लेबाजों ने समय आगे बढ़ने के साथ कई ऐसे शॉट खेले हैं, जिसकी पहले कल्पना भी नहीं की जाती थी, इसका असर टेस्ट और वनडे में भी देखने को मिला है। हालांकि ऐसा शायद ही पहले देखने को मिला है, जब कोई बल्लेबाज ऑफ स्टंप के करीब से निकलती गेंद को छोड़ने की कोशिश कर रहा हो लेकिन बॉल सीधे छक्के के लिए चली गई। ऐसा ही कुछ ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे उनके घरेलू वनडे कप टूर्नामेंट में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और विक्टोरियो के बीच खेले गए मैच के दौरान देखने को मिला, जब वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के ओपनिंग बल्लेबाज सैम फिनिंग एक गेंद को छोड़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह छक्के के लिए चली गई।
गेंद ने लिया बल्ले का हल्का किनारा और चली गई छक्के के लिए
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया टीम को विक्टोरिया के खिलाफ मुकाबले में 231 रनों का टारगेट मिला था, जिसमें उनकी तरफ से ओपनिंग में सैम फिनिंग और जोएल कर्टिस की जोड़ी मैदान पर उतरी थी। इसमें पहले ओवर की पांचवीं गेंद जो विक्टोरिया की तरफ से कैमरून मैक्लोयरे ने फेंकी थी, वह ऑफ स्टंप के करीब से निकल रही थी, जिसे सैम फिनिंग ने छोड़ने का फैसला किया। फिनिंग जब गेंद को छोड़ रहे थे, तो उस समय गेंद पर उनके बल्ले का हल्का किनारा लग गया, जिससे वह विकेटकीपर ऊपर से सीधे पीछे की तरफ छक्के के लिए चली गई। सैम फिनिंग जहां खुद इस शॉट से हैरान रह गए तो वहीं मैदान पर मौजूद बाकी खिलाड़ी भी हक्के-बक्के रह गए, क्योंकि किसी ने भी इस बेहतरीन गेंद पर इस तरह के शॉट की कल्पना नहीं की थी।
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से मुकाबले को किया अपने नाम
इस मैच को लेकर बात की जाए तो वनडे कप में इन दोनों ही टीमों का ये आखिरी मुकाबला था। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इस मुकाबले को आसानी से 8 विकेट से अपने नाम कर लिया, जिसमें उन्होंने 232 रनों के टारगेट का पीछा 2 विकेट के नुकसान पर 39.5 ओवर्स में ही हासिल किया, जिसमें उनकी तरफ से जोएल कर्टिस के बल्ले से 91 रनों की तो वहीं कैमरून बेनक्रॉफ्ट ने नाबाद 70 रनों की पारी खेली। इस सीजन वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया ने कुल 7 मैच खेले जिसमें वह चार को जीतने में कामयाब रहे और तीन में हार का सामना करना पड़ा। वहीं इस बार का फाइनल मैच 11 मार्च को तस्मानिया और न्यू साउथ वेल्स की टीम के बीच में होबार्ट के मैदान पर खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
IND vs SA: अभिषेक शर्मा के फॉर्म पर कप्तान सूर्या ने दिया जवाब, कहा - मुझे उन टीमों की ज्यादा चिंता जो अब उसका सामना करेंगी
IND vs SA: संजू सैमसन को अभिषेक शर्मा की जगह पर क्या मिलेगा मौका? कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कर दिया पूरी तरह से साफ
Latest Cricket News