1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, अनुष्का शर्मा को पहली बार मिली जगह

साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, अनुष्का शर्मा को पहली बार मिली जगह

भारतीय महिला टीम आने वाले दिनों में साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी। इस दौरे पर खेले जाने वाले पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए बीसीसीआई ने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है।

Indian Womens Team- India TV Hindi
Image Source : PTI भारतीय महिला क्रिकेट टीम

Team India Squad for T20 Series: अप्रैल में भारतीय महिला टीम पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी। इस सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में हरमनप्रीत कौर ही टीम इंडिया की कप्तानी करती हुई नजर आएंगी। इस टी20 सीरीज के जरिए भारतीय महिला टीम जून में होने वाले वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना चाहेगी। हरमन की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।

अनुष्का शर्मा को पहली बार मिली टी20 टीम में जगह

भारतीय महिला टी20 टीम में पहली बार अनुष्का शर्मा को शामिल किया गया है। उनके साथ उमा छेत्री और काशवी गौतम को भी टी20 सीरीज के लिए चुना गया है। वहीं वैष्णवी शर्मा, स्नेह राणा, जी. कमलिनी और अमनजोत कौर को टीम से बाहर कर दिया गया है। कमलिनी की जगह उमा को टीम में शामिल किया गया है। महिला टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, वहां उन्हें वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं टी20 सीरीज को टीम इंडिया ने 2-1 से जीता था। अब साउथ अफ्रीका दौरे पर टीम इंडिया इसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।

साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए टीम इंडिया ने तैयार किया मजबूत बॉलिंग अटैक

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया ने अपने तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट को मजबूत किया है। उन्होंने इसके लिए अपनी टीम में अमनजोत कौर की जगह काशवी गौतम को शामिल किया है। काशवी ने ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था। वह साउथ अफ्रीका सीरीज में भी अच्छा प्रदर्शन करके टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी को और पुख्ता करना चाहेगी। इस सीरीज में टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग का जिम्मा दीप्ति शर्मा, श्री चरानी और श्रेयंका पाटिल संभालेंगी।

IND-W vs SA-W: टी20 सीरीज का शेड्यूल

टी20 सीरीज का पहला मैच 17 अप्रैल को डरबन में खेला जाएगा। वहीं दूसरा मुकाबला इसी मैदान पर 19 अप्रैल को होगा। तीसरे और चौथे टी20 मैच के लिए भारतीय महिला टीम जोहान्सबर्ग जाएगी। तीसरा टी20 22 अप्रैल और चौथा टी20 25 अप्रैल को खेला जाएगा। वहीं सीरीज का आखिरी मुकाबला 27 अप्रैल को बेनोनी में होगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरनी, श्रेयंका पाटिल, काशवी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा

यह भी पढ़ें

NZ vs SA 5th T20I: न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, निर्याणक मुकाबले से बाहर हुआ धाकड़ खिलाड़ी

क्या जसप्रीत बुमराह भी हैं चोटिल? आईपीएल 2026 से पहले खास जगह पहुंचा धाकड़ गेंदबाज

Latest Cricket News