पाकिस्तान अपनी नीचता से नहीं आ रहा बाज, फर्जी VIDEO से फैला रहा था झूठ, BCCI उपाध्यक्ष ने कर दिया बेनकाब
IND vs PAK: पाकिस्तान ने जहां भारतीय टीम के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले में पहले खेलने मना किया था तो वहीं उन्होंने यूटर्न लेने के साथ अब इस मैच में खेलने का फैसला लिया है। इस नौटंकी के खत्म होने के बाद अब उनकी तरफ से एक नया झूठ भी फैलाया जा रहा है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तानी टीम अपने खेल से ज्यादा मैदान के बाहर की गई नौटंकी की वजह से चर्चा में हैं। आईसीसी ने जब से बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया था, उसके बाद से पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड की तरफ से नौटंकी चालू हो गई थी। इसमें उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले को लेकर बायकॉट करने का फैसला लिया था, जिसका ऐलान खुद उनकी सरकार और पीएम दोनों की तरफ से भी किया गया था। पाकिस्तान की तरफ से जब से ऐलान किया गया तो उसी समय से सभी को पता था कि वह इस फैसले से मुकाबला नजदीक आने पर यूटर्न लेंगे और ऐसा ही कुछ देखने को भी मिला। वहीं पाकिस्तान अपना मुंह छुपाने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं जिसमें उनकी मीडिया की तरफ से अब लगातार झूठ भी फैलाया जा रहा है। इसी को लेकर उन्होंने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का एक ऐसा बयान जिसमें एआई का इस्तेमाल करके झूठ का सहारा लिया गया।
शोएब मलिक के झूठ को बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने किया बेनकाब
पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान शोएब मलिक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का एक ऐसा बयान चला रहे हैं, जिसमें वह कह रहे हैं कि बीसीसीआई के लगातार अनुरोध पर आईसीसी ने पाकिस्तान से बात की और पाकिस्तान को भारत के खिलाफ खेलने के लिए राजी करने की बात कही। पाकिस्तानी मीडिया चैनल ने बीसीसीआई उपाध्यक्ष का ये वीडियो एआई का इस्तेमाल करके झूठ का सहारा लेकर फैलाने का प्रयास किया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने पाकिस्तान के इस झूठ को बेनकाब करने में देर नहीं लगाई और उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप मैच को लेकर मेरे एक बयान के वीडियो में AI का इस्तेमाल करके ऑडियो बदल दिया गया है। ये बातें मेरी नहीं हैं। मैं सभी से गुजारिश करता हूं कि इस गुमराह करने वाले कंटेंट पर यकीन न करें और न ही इसे शेयर करें और जहां भी ऐसे वीडियो दिखें, इसकी रिपोर्ट करें।
आखिर क्या थी उस वीडियो की सच्चाई
पाकिस्तान की तरफ से बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल के जो फर्जी वीडियो के जरिए झूठ फैलाने की कोशिश की जा रही है, उसके असली वीडियो को देखा जाए तो उन्होंने पाकिस्तान के यूटर्न लेने पर कहा था कि मैं बीसीसीआई की तरफ से आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और उसके पदाधिकारियों का बहुत अच्छा समाधान निकालने के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के साथ चर्चा के बाद और सभी पक्षों की बात सुनने के बाद यह निर्णय लिया गया है। यह फैसला क्रिकेट के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। क्रिकेट जारी रहना चाहिए और अब वर्ल्ड कप को बड़ी सफलता मिलेगी। इंटरनेशनल क्रिकेट सभी के लिए महत्वपूर्ण है। बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए का मुकाबला 15 फरवरी को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से कोलंबो में खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
अफगानिस्तान की टीम क्या कर पाएगी सुपर 8 में एंट्री, दो और टीमों को देना होगा साथ
