1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेन करन ने ठोकी धमाकेदार सेंचुरी, टीम इंडिया की बढ़ेगी टेंशन

बेन करन ने ठोकी धमाकेदार सेंचुरी, टीम इंडिया की बढ़ेगी टेंशन

जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के दूसरे मैच में बेन करन से धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया है। जल्द ही टीम इंडिया को भी जिम्बाब्वे के दौरे पर जाना है। इससे पहले भारतीय टीम के लिए ये अच्छी खबर नहीं है।

ben curran- India TV Hindi
Image Source : AFP बेन करन

भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त इंग्लैंड के दौरे पर है। जहां पांच टी20 मैचों की सीरीज फिलवक्त जारी है। ये सीरीज खत्म होगी तो इंग्लैंड के ही खिलाफ तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे। इसके बाद टीम इंडिया जिम्बाब्वे दौरे पर जाएगी। जहां तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के आगाज से पहले ही टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी बज गई है। जिम्बाब्वे सलामी बल्लेबाज बेन करन ने धमाकेदार सेंचुरी ठोककर टीम इंडिया के लिए टेंशन अभी से बढ़ा दी है। 

जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही है सीरीज

जिम्बाब्वे की टीम इस वक्त बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है। पहले मैच में कमाल का प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को 25 रन से मात दी थी। इसके बाद अब जब दूसरा मैच हुआ तो उसमें भी पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा स्कोर खड़ा किया है। इस मैच में टीम के सलामी बल्लेबाज बेन करन ने शानदार शतक लगाया है। हालांकि पहले मैच में वे बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो पाए थे। 

बेन करन ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में 122 बॉल पर लगाई सेंचुरी

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में बेन करन ने केवल 122 बॉल पर अपना शतक पूरा कर लिया और जबरदस्त बल्लेबाजी का मुजायरा ​किया। सेंचुरी लगाने के बाद भी बेन रुके नहीं और अच्छी बल्लेबाजी करते रहे। यही वजह रही कि टीम ने अच्छा स्कोर बनाया। खास बात ये रही कि अपनी शतकीय पारी के दौरान बेन ने एक भी छक्का नहीं लगाया और चौके खूब ठोके, इसका मतलब है कि वे संयम से बल्लेबाजी कर रहे थे और जब भी मौका मिला, बॉल को बाउंड्री के बाहर भेजने का काम किया। 

बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी जिम्बाब्वे की टीम

इस वनडे सीरीज के बाद जिम्बाब्वे की टीम बांग्लादेश के ही खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेलेगी। इसके लिए जिम्बाब्वे टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम कमान सिकंदर रजा के हाथ में होगी, साथ ही टीम में बेन करन को भी शामिल किया गया है। 

अभी तक एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेल पाए हैं बेन करन

वैसे आपको बता दें कि बेन करन ने अब तक एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है, लेकिन वे टेस्ट और वनडे में टीम के लिए अच्छा खेल दिखा रहे हैं। जिम्बाब्वे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है, लेकिन जिम्बाब्वे ने अभी टीम घोषित नहीं की है। उम्मीद की जा रही है कि इस सीरीज के दौरान भारत के खिलाफ बेन करन भी खेलेंगे। अगर बेन का यही फॉर्म जारी रहा तो वे टीम इंडिया के लिए टेंशन का सबब बन सकते हैं। 

टीम इंडिया के लिए मुश्किल हो सकता है जिम्बाब्वे का दौरा

भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ सीरीज हारकर अब इंग्लैंड के खिलाफ भी संघर्ष कर रही है, ऐसे में अगर जिम्बाब्वे के भी कुछ ​बल्लेबाज मिलकर अगर टीम इंडिया के सामने कड़ी चुनौती पेश करें तो कोई बड़ी बात नहीं कि टीम इंडिया यहां भी वही करे, जो आयरलैंड के खिलाफ हुआ और इंग्लैंड के खिलाफ हो रहा है। 

यह भी पढ़ें 

श्रेयस अय्यर को करनी होगी दोहरी मेहनत, कप्तानी ही नहीं बल्लेबाजी पर भी सैकड़ों सवाल

आज मिली हार तो 7 साल में पहली बार बैक-टू-बैक T20I सीरीज हारेगी टीम इंडिया, 12 साल का रिकॉर्ड भी दांव पर

Latest Cricket News