भुवनेश्वर कुमार लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। इस बीच भुवी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। भुवनेश्वर कुमार को खास टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। दरअसल, हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को टीम का कप्तान बनाया गया है। उनके नेतृत्व में भारत 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाले वाले टूर्नामेंट में उतरेगा। 7 सदस्यीय भारतीय टीम में क्रुणाल पंड्या और नितीश राणा जैसे IPL के बड़े सितारों को जगह मिली है।
12 टीमों के बीच खिताब के लिए मुकाबला
हांगकांग सिक्सेस के मुताबिक, इस साल टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत को ग्रुप C में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात के साथ रखा गया है। सभी मुकाबले टिन क्वॉन्ग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड पर खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में भुवनेश्वर कुमार के कंधों पर भारतीय टीम को खिताब दिलाने की जिम्मेदारी होगी।
भुवनेश्वर कुमार के लिए यह टूर्नामेंट खास महत्व रखता है। वह लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मुकाबला नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 इंटरनेशनल के रूप में खेला था। हालांकि, 2026 IPL में शानदार प्रदर्शन करते हुए वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद उनकी भारतीय व्हाइट-बॉल टीम में वापसी की मांग भी उठी, लेकिन अब तक उन्हें टीम में जगह नहीं मिली थी। हांगकांग सिक्सेस में भुवनेश्वर के साथ क्रुणाल पंड्या भी भारत के अभियान का हिस्सा होंगे। दोनों IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हैं। वहीं, नितीश राणा, शशांक सिंह, टी. नटराजन, राहुल त्रिपाठी और राहुल तेवतिया भी टीम में शामिल हैं।
भारत की नजर खिताब पर
हांगकांग सिक्सेस 2026 का फॉर्मेट काफी दिलचस्प है। इसमें हर टीम में 6 खिलाड़ी होते हैं और 6 ओवर फेंके जाते हैं। भारतीय टीम अब तक सिर्फ एक ही बार ये खिताब अपने नाम कर पाई है। ऐसे में भुवी की कोशिश खिताबी सूखे को समाप्त करने पर होगी। भारत ने अपना एकमात्र खिताब साल 2005 में जीता था। साल 2024 में टूर्नामेंट की वापसी के बाद से टीम का प्रदर्शन खराब रहा है। वे दोनों बार ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गए। उन दो एडिशन में उन्होंने अपने 10 में से 9 मैच गंवाए।
हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए भारतीय टीम: भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, नितीश राणा, शशांक सिंह, टी. नटराजन, राहुल त्रिपाठी, राहुल तेवतिया।
यह भी पढ़ें:
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों में बनाए 101 रन, अब टीम इंडिया में वापसी होगी मुश्किल
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहला टी20I मैच कब है, नोट कीजिए सभी 5 मैचों का शेड्यूल
Latest Cricket News