1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पहले टेस्ट मैच में गेंदबाजों ने बरपाया कहर, पाकिस्तान ने 38 रन के अंदर गंवाए 7 विकेट, वेस्टइंडीज भी मुश्किल में

पहले टेस्ट मैच में गेंदबाजों ने बरपाया कहर, पाकिस्तान ने 38 रन के अंदर गंवाए 7 विकेट, वेस्टइंडीज भी मुश्किल में

त्रिनिदाद में खेले जा रहे वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के पहले टेस्ट मैच में, पहली पारी में बढ़त बनाने के बाद भी मेजबान वेस्टइंडीज पर हार का खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की मैच में वापसी करा दी है।

Westindies vs Pakistan 1st test- India TV Hindi
Image Source : AFP वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान पहला टेस्ट

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच त्रिनिदाद में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान की स्थिति मजबूत लग रही थी, लेकिन तीसरे दिन पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पाकिस्तान ने अपने आखिरी 7 विकेट सिर्फ 38 रन के अंदर गंवा दिए और पूरी टीम 282 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही वेस्टइंडीज को पहली पारी में 29 रनों की बढ़त मिल गई। पाकिस्तान के लिए पहली पारी में शान मसूद ने 109 रन की पारी खेली।

दूसरी पारी में 7 विकेट गंवा चुकी है वेस्टइंडीज की टीम

पाकिस्तान के लिए मुश्किलें बढ़ सकती थीं, लेकिन उनके गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करके टीम की मैच में वापसी करवा दी। वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में 7 विकेट गंवाकर केवल 126 रन बनाए हैं और उनकी कुल बढ़त भी अभी सिर्फ 155 रनों की ही हुई है। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने मेजबान वेस्टइंडीज को बिल्कुल संभलने का मौका नहीं दिया और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उन्हें बैकफुट पर ढकेल दिया। अब चौथे दिन वेस्टइंडीज के बाकी के बल्लेबाज इस बढ़त को और आगे ले जाने की कोशिश करेंगे।

जस्टिन ग्रीव्स ने लिया पांच विकेट हॉल

वेस्टइंडीज के लिए इस मैच में जस्टिन ग्रीव्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हॉल अपने नाम किए। ग्रीव्स ने लगातार 5 मेडन ओवर फेंके और हर ओवर में एक-एक खिलाड़ी को आउट करके 5 विकेट झटके। उन्होंने अपने 7वें ओवर से लेकर 11वें ओवर के बीच एक भी रन दिए बिना पाकिस्तान के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने अपने 11 ओवर में 6 मेडन के साथ 27 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। ग्रीव्स के इस कमाल के प्रदर्शन की वजह से पाकिस्तान की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

पहली पारी में विंडीज ने बनाए थे 311 रन

इससे पहले वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 311 रन बनाए थे। टीम की तरफ से शाई होप ने 92 रन और केवम हॉज ने 84 रन बनाए थे। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 30 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया। गेंदबाजी में पाकिस्तान के मोहम्मद अली ने 4 विकेट लिए, मोहम्मद अब्बास को 3 और खुर्रम शहजाद को 2 सफलताएं मिलीं, जबकि आमिर जमाल ने 1 विकेट हासिल किया। अब चौथे दिन पाकिस्तान इस मैच को जीतने की पूरी कोशिश करेगा, क्योंकि वेस्टइंडीज के लिए यहां से वापसी करना काफी मुश्किल लग रहा है।

यह भी पढ़ें 

ईशान किशन ने तो गर्दा उड़ा दिया, साल 2026 में धमाकेदार अंदाज में बनाए रन, सूर्या और अभिषेक शर्मा की बराबरी की

कब से खेली जाएगी भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज, नोट कीजिए पूरा शेड्यूल

Latest Cricket News