5 गेंदों में 5 विकेट, कीवी गेंदबाज का बड़ा करिश्मा, 254 साल के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में नया इतिहास बन गया है। न्यूजीलैंड में एक गेंदबाज ने 5 गेंद में 5 विकेट लेने का बड़ा कारनामा कर दिखाया है।
Brett Randell: न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट में एक ऐसा कारनामा हुआ है जिसने क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल ने ऐसा स्पेल डाला, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्लंकेट शील्ड के मुकाबले में देखने को मिली। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स बीच नेपियर में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन रैंडेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की मजबूत शुरुआत को कुछ ही मिनटों में ढहा दिया। टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 4 रन था, लेकिन रैंडेल की पांच गेंदों के अंदर ही वह 9 रन पर 5 विकेट गंवा बैठी।
रैंडेल ने अपनी दूसरी ओवर की आखिरी गेंद पर ओपनर हेनरी कूपर को बोल्ड कर पहली सफलता हासिल की। इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने जीत रावल को बोल्ड कर दिया। तीसरे विकेट के रूप में जो कार्टर कैच आउट हुए और यहीं रैंडेल ने हैट्रिक पूरी कर ली। इसके बाद रॉबर्ट ओ'डॉनेल स्लिप में कैच दे बैठे और फिर क्रिस्टियन क्लार्क भी अंदरूनी किनारा लगने के बाद बोल्ड हो गए। इस तरह रैंडेल ने लगातार पांच गेंदों में पांच विकेट झटकते हुए नया इतिहास रच दिया।
टीम 82 रन पर सिमटी
इतना ही नहीं, थोड़ी देर बाद रैंडेल ने बेन पोमारे औरस्कॉट कुगलेइजन को भी आउट कर दिया और इस तरह फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 8 गेंदों में 6 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बन गए। उन्होंने सिर्फ 3.5 ओवर में सात विकेट पूरे किए। उन्होंने 11 ओवर में 25 रन देकर 7 बल्लेबाजों का शिकार किया। रैंडेल की घातक गेंदबाजी के आगे नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की पूरी टीम सिर्फ 82 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स ने अपनी पहली पारी में 373 रन बनाए थे, जिसके चलते विरोधी टीम को फॉलो-ऑन खेलना पड़ा।
खुद रैंडेल भी रह गए हैरान
अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद रैंडेल ने कहा कि वह इस उपलब्धि से खुद भी हैरान हैं। उन्होंने कहा कि सच में वह हैरान हैं। यह पल ऐसा था, जैसे खुद को चुटकी काटकर देखूं कि यह सच में हो रहा है। वह बस वही लाइन-लेंथ बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे और हमारी टीम की योजना के अनुसार गेंदबाजी कर रहे थे। दिलचस्प बात यह है कि अगर टीम के कुछ सीनियर गेंदबाज उपलब्ध होते तो शायद रैंडेल को इस मैच में खेलने का मौका भी नहीं मिलता, लेकिन चोटों के कारण उन्हें मौका मिला और उन्होंने इसे इतिहास में बदल दिया।
T20 में पहले भी हो चुका है ऐसा कारनामा
फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में यह पहली बार हुआ है, लेकिन T20 क्रिकेट में यह उपलब्धि पहले हासिल की जा चुकी है। कर्टिस कैम्फर ने आयरलैंड की घरेलू T20 लीग में लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट लिए थे। इसके अलावा जिम्बाब्वे की युवा खिलाड़ी केलिस नधलोवु ने 2024 में अंडर-19 T20 मैच में यह कारनामा किया था।
यह भी पढ़ें:
