1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया का स्टार ऑलराउंडर हुआ बाहर, टी20 सीरीज में निखिल चौधरी को मिल सकता है डेब्यू करने का चांस

ऑस्ट्रेलिया का स्टार ऑलराउंडर हुआ बाहर, टी20 सीरीज में निखिल चौधरी को मिल सकता है डेब्यू करने का चांस

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी। वह मैच के दौरान लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गए थे। इस मैच में उन्होंने 35 बॉल पर 27 रन बनाए थे।

Cameron Green- India TV Hindi
Image Source : AP कैमरून ग्रीन

ऑस्ट्रेलिया की टीम इस वक्त बांग्लादेश के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच हाल ही में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई, जिसे बांग्लादेश ने 2-1 से अपने नाम किया। इसके बाद अब बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। टी20 सीरीज की शुरुआत से पहले ही बांग्लादेश की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल टीम के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने टी20 सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट की तैयारी के लिए इस सीरीज से बाहर होने का फैसला किया है। टी20 सीरीज का पहला मैच 17 जून को चट्टोग्राम में खेला जाएगा।

कैमरून ग्रीन अब रेड बॉल क्रिकेट पर करेंगे फोकस

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया कोड स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक कैमरून ग्रीन अपने वर्कलोड को मैनेज करने के लिए घर लौट आए हैं। आने वाले दिनों में ऑस्ट्रेलिया का रेड बॉल शेड्यूल काफी व्यस्त है। इसकी शुरुआत 13 अगस्त को बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट मैच से होगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन की जगह किसी और खिलाड़ी का ऐलान नहीं किया है क्योंकि टीम में पहले से ही मिचेल मार्श और एरॉन हार्डी जैसे सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर मौजूद हैं। हालांकि, चोट की समस्याओं के कारण मार्श अब गेंदबाजी नहीं करते हैं।

निखिल चौधरी को मिल सकता है डेब्यू का मौका

कैमरन ग्रीन के बाहर होने की वजह से भारतीय मूल के क्रिकेटर निखिल चौधरी को ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेंस के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले निखिल को हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम में शामिल किया गया है। इस समय ऑस्ट्रेलिया के मीडिया में उनकी काफी चर्चा हो रही है। इसकी वजह यह है कि अगर वे खेलते हैं, तो पिछले 60 साल से ज्यादा समय में ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले भारतीय मूल के पहले खिलाड़ी होंगे।

बांग्लादेशी पिच पर असरदार साबित हो सकते हैं निखिल चौधरी

निखिल चौधरी मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज हैं, जो जरूरत पड़ने पर अच्छी लेग-स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। बांग्लादेश की स्पिन मददगार पिचों पर वे ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बढ़िया विकल्प साबित होंगे। कैमरन ग्रीन के न होने से अब उनके लिए टीम में जगह बनाना और आसान हो गया है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए कुछ अच्छी खबरें भी हैं। चोट की वजह से वनडे सीरीज से बाहर रहे कप्तान मिचेल मार्श अब टी20 सीरीज में वापसी करेंगे। ट्रैविस हेड जिनको आईपीएल 2026 के बाद आराम दिया गया था वो भी टी20 सीरीज में वापसी करने के लिए तैयार हैं।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी को अब समझ आई एक एक रन की कीमत, कहीं BCCI ने जल्दबाजी तो नहीं कर दी

ICC Rankings: ऑस्ट्रेलिया ने फिर मारी छलांग, साउथ अफ्रीका को नुकसान, पाकिस्तान की हालत खराब

Latest Cricket News