A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कप्तान बाबर आजम फाइनल में हुए गोल्डन डक का शिकार, फिर भी पेशावर जल्मी ने जीता PSL 2026 का खिताब

कप्तान बाबर आजम फाइनल में हुए गोल्डन डक का शिकार, फिर भी पेशावर जल्मी ने जीता PSL 2026 का खिताब

पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के फाइनल में बाबर आजम अपना खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद पेशावर जल्मी ने शानदार अंदाज में PSL 2026 का खिताब जीत लिया।

Babar Azam- India TV Hindi
Image Source : AFP बाबर आजम

PSL 2026: हैदराबाद किंग्समेन की हार के साथ ही पाकिस्तान सुपर लीग यानी PSL 2026 के विजेता का फैसला हो गया। बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर जल्मी ने फाइनल में शानदार जीत दर्ज करते हुए PSL 2026 की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। पेशावर की खिताबी जीत के हीरो रहे ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर आरोन हार्डी, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए हार्डी ने कमाल की अर्धशतकीय पारी खेली और नाबाद लौटे। 

बाबर आजम गोल्डन डक पर आउट

इससे पहले PSL 2026 के फाइनल में क्रिकेट फैंस को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब बड़े रिकॉर्ड की दहलीज पर खड़े बाबर आजम बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। एक तरफ जहां उनसे ऐतिहासिक उपलब्धि की उम्मीद थी, वहीं दूसरी तरफ उनका गोल्डन डक मैच का सबसे चौंकाने वाला पल बन गया।

पेशावर जल्मी के कप्तान बाबर आजम पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के फाइनल में हैदराबाद किंग्समेन के खिलाफ पहली ही गेंद पर आउट हो गए। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बाबर ने मोहम्मद अली की बाहर जाती गेंद पर कट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन कैच आउट हो गए। इस तरह बाबर आजम एक बड़े रिकॉर्ड से चूक गए। अगर वह इस मैच में 1 रन बना लेते, तो एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते थे। लेकिन गोल्डन डक के चलते यह मौका हाथ से निकल गया।

बाबर के जल्दी आउट होने के बाद पेशावर जल्मी की शुरुआत भी खराब रही और टीम पहले ही ओवर में 7 रन पर 2 विकेट गंवा बैठी। मोहम्मद अली ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शुरुआती झटके दिए। 40 रन के भीतर पेशावर के 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद आरोन हार्डी ने अब्दुल समद के साथ मिलकर शानदार साझेदारी करते हुए अपनी टीम को चैंपियन बना दिया। पेशावर जल्मी ने 5 विकेट खोकर 130 रनों का लक्ष्य 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर हासिल किया। 

हैदराबाद किंग्समेन ने दिया 130 रनों का लक्ष्य

इससे पहले हैदराबाद किंग्समेन के बल्लेबाजों ने काफी निराश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम 18 ओवर में महज 129 रन पर ऑलआउट हो गई। एक समय स्कोर 3 विकेट पर 71 था, लेकिन इसके बाद टीम लगातार विकेट खोती चली गई। हैदराबाद के लिए सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए और पारी को संभालने की कोशिश की। वहीं, कप्तान मार्नस लाबुशेन ने 20 रन की तेज पारी खेली। पेशावर जल्मी की ओर से एरॉन हार्डी ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 4 विकेट झटके, जबकि नाहिद राणा ने भी अहम विकेट लेकर विरोधी टीम की कमर तोड़ी। कुल मिलाकर फाइनल मुकाबले में बाबर आजम का गोल्डन डक चर्चा का विषय बन गया।

यह भी पढ़ें:

PSL 2026 में विजेता टीम को मिलेगी सिर्फ इतनी प्राइज मनी, IPL के मुकाबले करोड़ों रुपये का है अंतर

राजस्थान रॉयल्स को मिला नया मालिक, स्टील किंग ने 15660 करोड़ रुपये में किया फ्रेंचाइजी का अधिग्रहण

Latest Cricket News