IPL के गलियारों में एक बड़ी हलचल देखने को मिली है। स्टील उद्योग के दिग्गज लक्ष्मी मित्तल ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी के अधिग्रहण का ऐलान कर दिया है, जिससे क्रिकेट और कारोबार दोनों जगत में चर्चा तेज हो गई है। ब्रिटेन में बसे भारतीय मूल के उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल ने बताया कि जयपुर आधारित इस टीम को खरीदने के लिए अंतिम समझौता हो चुका है। यह सौदा करीब 1.65 अरब डॉलर यानी लगभग 15660 करोड़ रुपये में हुआ है। इस कंसोर्टियम में अदार पूनावाला और मौजूदा मालिक मनोज बदाले भी शामिल हैं।
प्लेऑफ की ओर बढ़ रही RR
इस घोषणा ने सभी को चौंका दिया, क्योंकि पहले अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी के नेतृत्व वाले समूह को नया मालिक माना जा रहा था, जिसमें रॉब वॉल्टन और फोर्ड परिवार के सदस्य भी शामिल थे। 2008 में IPL का पहला खिताब जीतने वाली राजस्थान रॉयल्स इस समय IPL 2026 में शानदार फॉर्म में है और प्लेऑफ की ओर बढ़ रही है, जहां युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी लगातार चमक बिखेर रहे हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील के तहत मित्तल परिवार टीम का नियंत्रण अपने हाथ में रखेगा और लगभग 75 प्रतिशत हिस्सेदारी उसके पास होगी। अदार पूनावाला के पास 18 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि बाकी 7 प्रतिशत हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास बनी रहेगी। मनोज बदाले, जो अब तक प्रमुख मालिक थे, टीम के साथ जुड़े रहेंगे और अपने अनुभव से फ्रेंचाइजी का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस अधिग्रहण में साउथ अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन की बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल हैं। हालांकि यह सौदा BCCI, CCI और IPL गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी के बाद ही पूरा होगा, जिसकी उम्मीद 2026 की तीसरी तिमाही में की जा रही है। लक्ष्मी मित्तल का राजस्थान से खास रिश्ता है, क्योंकि उनका जन्म राज्य के सादुलपुर गांव में हुआ था। यही वजह है कि यह डील उनके लिए भावनात्मक मायने भी रखती है।
लक्ष्मी मित्तल ने जारी किया बयान
लक्ष्मी मित्तल ने संयुक्त बयान में कहा कि उनका परिवार राजस्थान से है, इसलिए कोई भी IPL टीम ऐसी नहीं है जिसका वह हिस्सा बनना राजस्थान रॉयल्स से ज्यादा पसंद करूं। उन्होंने पहली बार क्रिकेट स्कूल के दिनों में खेला था और तब से वह इस खेल के बड़े प्रशंसक रहे हैं। कई महान खिलाड़ियों ने राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनी है, जिनमें भारतीय खेल के आइकन शामिल हैं, जिन्होंने युवा प्रतिभाओं को प्रेरित किया है। वह इस शानदार टीम का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हैं और भविष्य की सफलता के लिए प्रशंसकों के साथ मैदान के किनारे खड़े होकर टीम का समर्थन करने का इंतजार नहीं कर सकते। इस बड़े निवेश के साथ राजस्थान रॉयल्स के एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जहां मजबूत नेतृत्व और बड़े संसाधनों के दम पर टीम आने वाले समय में और ऊंचाइयों को छू सकती है।
यह भी पढ़ें
क्या अब IPL 2026 के प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाएगी मुंबई इंडियंस? या अभी भी है मौका; जानें पूरा गणित