1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सीरीज बीच में छोड़ना पड़ सकता है भारी, इस खिलाड़ी से छिन सकती है कप्तानी

सीरीज बीच में छोड़ना पड़ सकता है भारी, इस खिलाड़ी से छिन सकती है कप्तानी

श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलांका का पाकिस्तान का दौरा बीच में छोड़ना श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को नागवार गुजरा है। इस तरह असलंका की कप्तानी खतरे में पड़ गई है।

Charith Asalanka- India TV Hindi
Image Source : AP पाकिस्तान बनाम श्रीलंका

Sri Lanka Cricket Team: श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के कप्तान चरिथ असलंका की कप्तानी अब गंभीर संकट में नजर आ रही है। पाकिस्तान में जारी T20I ट्राई सीरीज के बीच असलंका अचानक स्वदेश लौट आए, जिसके बाद उनकी जगह दासुन शनाका को टीम की कमान सौंप दी गई। खास बात यह है कि असलंका ने ही साल 2023 में शनाका से कप्तानी संभाली थी।

बम विस्फोट के बाद बढ़ा विवाद

असलंका पाकिस्तान में चल रही ODI सीरीज के दौरान टीम की अगुवाई कर रहे थे, लेकिन इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती बम धमाके में 9 लोगों की मौत के बाद उन्होंने दौरा रद्द करने की मांग की। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कुछ खिलाड़ियों को भी घर लौटने के लिए प्रोत्साहित किया। उनकी इस मांग को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने सख्त नापसंद किया और कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी। हालांकि, बोर्ड की मांग के बाद लंका की टीम पाकिस्तान में ही रुकी रही और फिर बाकी के मुकाबलों को रिशेड्यूल किया गया।

बीमारी या कुछ और? कप्तानी पर सवाल

इसके बाद अचानक घोषणा की गई कि असलंका बीमारी के चलते वापस लौट रहे हैं और शनाका कप्तान की भूमिका निभाएंगे। श्रीलंका के चीफ सिलेक्टर उपुल थरंगा ने 26 नवंबर को मीडिया से बातचीत में बताया कि वायरल फीवर के कारण असलांका को श्रीलंका वापस लौटना पड़ा।हालांकि, यह पूछे जाने पर कि क्या असलंका को कप्तानी से हटा दिया गया है और क्या T20 वर्ल्ड कप में शनाका ही कप्तान होंगे? इस पर थरंगा ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

भारत के साथ सह-मेजबानी करेगा श्रीलंका

T20 वर्ल्ड कप 2026 फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। 7 फरवरी से टूर्नामेंट का आगाज होगा जबकि 8 मार्च को फाइनल खेला जाएगा। ऐसे में कप्तानी को लेकर असमंजस ने श्रीलंका क्रिकेट में नई हलचल पैदा कर दी है।

गौरतलह है कि T20I ट्राई सीरीज में पाकिस्तान की टीम फाइनल का टिकट हासिल कर चुकी है। अब श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच फाइनल को लेकर घमासान जारी है। जिम्बाब्वे की टीम 4 में से सिर्फ 1 मुकाबला जीतने में सफल रही है जबकि 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, श्रीलंका ने 3 में से सिर्फ 1 मैच जीता है। वहीं, 2 मैच में टीम को हार का मुंह देखना पड़ा है। फाइनल से पहले आखिरी लीग स्टेज मैच श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 27 नवंबर को रावलपिंडी में खेला जाएगा। 

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें

IND vs SA: गुवाहाटी टेस्ट में हार पर कप्तान पंत का फूटा गुस्सा, कहा - हमें अपनी सोच को लेकर साफ होना था

शर्म मगर इनको आती नहीं, टीम इंडिया ने तोड़ डाला 21 साल पुराना ऐतिहासिक कीर्तिमान

Latest Cricket News