सीएसके यानी चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम आईपीएल के अपने अगले मैच के लिए तैयार है। पहला मैच टीम हार चुकी है और उसका खाता नहीं खुला है। टीम को अब जरूरत है कि दूसरा मैच जीते। इस बीच एमएस धोनी को लेकर लगातार सस्पेंस बना हुआ है कि वे आज का मैच खेल पाएंगे कि नहीं। आखिर उन्हें क्या दिक्कत है, जिसकी वजह से पहला मैच उन्होंने मिस किया था। चलिए इस बारे में अब तक क्या अपडेट है, आपको बताते हैं।
आईपीएल में आज सीएसके और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला
आईपीएल में आज यानी शुक्रवार तीन अप्रैल को बड़ा मुकाबला है। चेन्नई सुपरकिंग्स और पंजाब किंग्स की टीमें आमने सामने होंगी। यानी दो किंग्स के बीच टक्कर होगी। मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाना है, जो सीएसके का होम ग्राउंड है। पहला मैच चेन्नई ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला था, जो गुवाहाटी में हुआ था। उसके लिए धोनी गुवाहाटी नहीं गए थे, वे चेन्नई में ही थे। अचानक खबर मिली थी कि धोनी को काफ स्ट्रेन है। इसलिए वे पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। तब कहा गया था कि धोनी कम से कम दो हफ्ते तक मैच नहीं खेल पाएंगे।
धोनी ने शुरू की प्रैक्टिस, लेकिन आज खेलना काफी मुश्किल
इस बीच सीएसके के लिए अच्छी खबर ये आई कि धोनी नेट्स में प्रैक्टिस करते हुए नजर आए थे। यानी वे अब ठीक हो रहे हैं। लेकिन इतने ठीक हो गए हैं कि मैच खेल पाएंगे, ये कहना मुश्किल है। इस बीच अभी तक आज के मैच को लेकर सीएसके ने कुछ कहा तो नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि धोनी आज का मैच भी मैच मिस करेंगे। सीएसके का मैनेजमेंट ऐसा कुछ नहीं करना चाहेगा, जिससे धोनी की दिक्कत और बढ़े, क्योंकि अभी तो शुरुआती मैच हो रहे हैं, जैसे जैसे सीजन आगे बढ़ेगा, मैच भी अहम होते चले जाएंगे। हालांकि इतना जरूर है कि धोनी टीम के साथ डगआउट में रहेंगे और वे टीम की रणनीति का हिस्सा रहेगे।
संजू सैमसन ही करेंगे टीम के लिए कीपिंग
आज सीएसके पंजाब के खिलाफ मैदान में उतरेगी। ये मैच भी शाम को साढ़े सात बजे से शुरू होगा और सात बजे टॉस होगा। मैच चेन्नई के एमएस चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। धोनी अगर आज नहीं खेलेंगे, जैसी कि संभावना है तो टीम की ओर से कीपिंग की जिम्मेदारी फिर से संजू सैमसन ही निभाते हुए नजर आएंगे, जैसा पहले मैच में हुआ था। कुल मिलाकर सीएसके को आज का मैच जीतना जरूरी है, ताकि उसका अंक तालिका में खाता खुल सके।
यह भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा पर हो गया बड़ा एक्शन, आईपीएल ने क्यों ठोका बड़ा जुर्माना
KKR नहीं है तैयार, 14 साल बाद आईपीएल में देखना पड़ा ऐसा दिन
Latest Cricket News