डेल स्टेन ने IND vs NZ फाइनल को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी, कहा- इस टीम को दूंगा चोकर्स का टैग
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को खेला जाएगा। अहमदाबाद में खेले जाने वाले इस मैच को लेकर डेल स्टेन ने बड़ी भविष्यवाणी की है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को होगा। क्रिकेट जगत में इस वक्त सिर्फ इसी मुकाबले को लेकर चर्चा हो रही है। इस फाइनल मैच को लेकर साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि न्यूजीलैंड की टीम अगर इस मैच में टीम इंडिया को नहीं हरा पाती है तो वह अब चोकर्स का टैग न्यूजीलैंड को दे देंगे। क्रिकेट की दुनिया में 'चोकर्स' का टैग साउथ अफ्रीका को मिला हुआ है। ICC टूर्नामेंट्स के नॉकआउट जैसे बड़े मुकाबले में अफ्रीकी की टीम दबाव नहीं झेल पाती है और वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ता है। यही हाल काफी बार न्यूजीलैंड का भी रहा है।
सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को न्यूजीलैंड से मिली थी हार
जारी टी20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ महज 12.5 ओवर में 170 रनों का टारगेट आसानी से चेज कर लिया था। साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल में 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह इस वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका की पहली हार थी। इस हार के साथ ही इस वर्ल्ड कप में उनका सफर खत्म हो गया था। अब देखना ये होगा कि फाइनल मैच में टीम इंडिया के खिलाफ अब कीवी टीम कैसा प्रदर्शन करती है।
फाइनल मुकाबले को लेकर डेल स्टेन ने क्या कहा?
IND vs NZ फाइनल मुकाबले से पहले डेल स्टेन ने एबी डी विलियर्स के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा कि देखिए, सच कहूं तो हर कोई साउथ अफ्रीका को चोकर्स कहना पसंद करता है, लेकिन मैं यह कहने जा रहा हूं। न्यूजीलैंड ने खुद ज्यादा वर्ल्ड कप नहीं जीते हैं, और वे हमसे ज्यादा फाइनल में रहे हैं। इसलिए, कोई बुरा मत मानना, न्यूजीलैंड, लेकिन प्लीज इसे जीतते रहो।
न्यूजीलैंड को दूंगा चोकर्स का टैग
उन्होंने आगे कहा कि अगर न्यूजीलैंड ये मैच नहीं जीता तो मैं फॉर्मली चोकर्स का टैग तुम्हें दे रहा हूं; यह तुम्हारा है। मुझे न्यूजीलैंड पसंद है, लेकिन वे इंडिया को नहीं हरा पाएंगे। इसके लिए इंडिया को एक जबरदस्त चोक की जरूरत होगी। मैं कह रहा हूं; यह मुमकिन है। मैं सच में चाहता हूं कि वे जीतें, लेकिन क्या मुझे लगता है कि वे इंडिया को हरा पाएंगे? नहीं। स्टेन के इस बयान से साफ हो गया है कि भारत को हराने के लिए न्यूजीलैंड को फाइनल में चमत्कार करना पड़ेगा। उनके मुताबिक भारत अपनी घरेलू परिस्थितियों में बेहद मजबूत टीम है और यहां उसे हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं है।
यह भी पढ़ें
