मेजर लीग क्रिकेट 2026 का 21वां मैच टेक्सास सुपर किंग्स और सिएटल ऑर्कस के बीच खेला गया। इस मैच में दासुन शनाका की शानदार गेंदबाजी के बदौलत सिएटल की टीम ने आखिरी ओवर में 9 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की। टेक्सास सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में 15 रन चाहिए थे। शनाका ने 4 गेंद पर 4 विकेट झटके और सिएटल की टीम ने एक रोमांचक जीत दर्ज की। सिएटल ऑर्कस की टीम के लिए यह इस टूर्नामेंट की चौथी जीत है। शनाका को इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
आखिरी ओवर में शनाका ने डिफेंड किए 15 रन
जीत के लिए 122 रनों का पीछा करते हुए टेक्सास सुपर किंग्स ने आखिरी ओवर शुरू होने से पहले 107 रनों पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। मैदान पर डोनोवन फरेरा और शुभम रंजना खेल रहे थे। फरेरा ने 19वें ओवर में एक चौका और एक छक्का मारा था। इसके बाद, आखिरी ओवर की पहली गेंद पर रंजना ने गेंदबाज दासुन शनाका को चौका लगाया। इसके बाद अब टीम को जीत के लिए आखिरी 4 गेंदों पर 10 रनों की जरूरत थी।
MLC में हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने शनाका
यहां से ऐसा लग रहा था कि टेक्सास की टीम आसानी से मैच जीत लेगी लेकिन इसके बाद अगली दो गेंदों में मैच पूरी तरह बदल गया। फरेरा एक धीमी गेंद पर आउट हो गए और उनके ठीक बाद आए केल्विन सैवेज भी लॉन्ग-ऑन पर कैच थमा बैठे। एडम मिल्ने हैट्रिक वाली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए और ओवर की आखिरी गेंद पर शनाका ने अमशी डी सिल्वा को भी शिमरोन हेटमायर के हाथों कैच कराकर अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी। शनाका ने इस दौरान हैट्रिक पूरा किया और वह सुनील नरेन के बाद MLC में हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने हैं।
सिएटल के बल्लेबाजों ने किया निराश
इस मुकाबले में सिएटल के बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए उनकी टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बाद 9 विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाने में कामयाब रही। कैमरून गैनन इस मुकाबले में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 21 गेंदों में 20 रनों की पारी खेली। वहीं दसुन शनाका ने 14 बॉल पर 16 और अली शेख ने 15 बॉल पर 18 रन बनाए। जवाब में टेक्सास की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 112 रन बना पाई।
यह भी पढ़ें:
T20 WC फाइनल से पहले दिखा अनोखा नजारा, बेटे को गोद में लेकर राष्ट्रगान के लिए मैदान में उतरीं इंग्लिश कप्तान
वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया पर हुई पैसों की बारिश, हार के बाद भी मालामाल हुए भारत-पाकिस्तान
Latest Cricket News