मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में 28 जून को जारी सीजन का 13वां मैच वाशिंगटन फ्रीडम और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में वाशिंगटन की टीम को पारी की आखिरी गेंद पर एक विकेट से जीत मिली। इस मैच के आखिरी ओवर में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। दरअसल आखिरी गेंद पर वाशिंगटन की टीम को 6 ही रनों की दरकार थी। TSK के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने अकील हुसैन को गेंद थमाई और वेस्टइंडीज के इस गेंदबाज ने हैट्रिक लेकर अपनी टीम की जीत लगभग पक्की कर दी थी, लेकिन निखिल चौधरी ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया।
अकील हुसैन ने आखिरी ओवर में ली हैट्रिक
आखिरी ओवर में वॉशिंगटन फ्रीडम को जीत के लिए केवल 6 रन चाहिए थे। तब क्रीज पर मौजूद मार्को यानसेन ओवर की पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए और अगली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद गेंदबाजी कर रहे अकील हुसैन ने अगली दो गेंदों पर अपोंसो और आसिफ महमूद को भी आउट कर दिया इसके साथ ही उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की। अकील हुसैन MLC में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने हैं। यहां से ऐसा लग रहा था कि टेक्सास की टीम आसानी से मैच जीत जाएगी।
निखिल चौधरी ने छक्का लगाकर दिलाई टीम को जीत
वाशिंगटन फ्रीडम के लिए बल्लेबाजी कर रहे निखिल चौधरी नॉन-स्ट्राइकर एंड खड़े होकर इस हैट्रिक को देख रहे थे। इस समय तक वह 18 गेंदों में 21 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर लॉकी फर्ग्युसन ने सिंगल लिया और निखिल चौधरी को स्ट्राइक दी। अब आखिरी गेंद पर वाशिंगटन की टीम को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे और निखिल चौधरी ने शानदार छक्का लगाकर अपनी टीम को एक बेहद रोमांचक जीत दिलाई। टीम को जीत दिलाने के बाद निखिल चौधरी व्हिसल सेलिब्रेशन करते हुए नजर आए।
मिचेल ओवन और स्टीव स्मिथ ने की शानदार बैटिंग
मुकाबले की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टेक्सास सुपर किंग्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 185 रन बोर्ड पर लगाए थे। डोनोवन फरेरा ने 20 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। वहीं वियान मुल्डर ने 20 बॉल पर 43 रनों की धुआंधार पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। 186 के टारगेट का पीछा करने उतरी वाशिंगटन फ्रीडम को मिचेल ओवन और स्टीव स्मिथ ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। ओवन ने 35 गेंदों पर 7 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 77 रन बनाए। वहीं स्टीव स्मिथ ने 21 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 91 रनों की साझेदारी हुई।
यह भी पढ़ें
149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार बना ऐसा रिकॉर्ड, आमिर जंगू और रोस्टन चेज ने रचा नया इतिहास
चार्ली डेविस का 82 साल की उम्र में निधन, WI vs SL टेस्ट में तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर उतरे खिलाड़ी