1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दीप्ति शर्मा ने शतक जड़ रचा इतिहास, भारतीय महिला टीम की तरफ से वनडे में यह कारनामा करने वाली बनी पहली खिलाड़ी

दीप्ति शर्मा ने शतक जड़ रचा इतिहास, भारतीय महिला टीम की तरफ से वनडे में यह कारनामा करने वाली बनी पहली खिलाड़ी

भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी दीप्ति शर्मा के बल्ले से जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शानदार शतकीय पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह एक बड़ा कारनामा करने में कामयाब रहीं।

Deepti Sharma- India TV Hindi
Image Source : AFP दीप्ति शर्मा

भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला वडोदरा के स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और टीम 50 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 328 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। भारतीय टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की जिसमें दोनों ही शतकीय पारियां खेलने में कामयाब रहीं, जिसमें दीप्ति ने अपनी सेंचुरी के दम पर एक ऐसा कारनामा किया जो वनडे फॉर्मेट में अब तक कोई भी भारतीय महिला खिलाड़ी करने में कामयाब नहीं हो सकी थी।

दीप्ति नंबर-6 या उससे नीचे वनडे में सेंचुरी लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी

जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ जब दीप्ति शर्मा बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी तो उस समय तक टीम इंडिया ने 24 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 148 रनों का स्कोर बना लिया था। यहां से दीप्ति ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ न सिर्फ पारी को संभाला बल्कि 300 से अधिक के स्कोर की तरफ भी लेकर जाने का काम किया। दीप्ति ने पारी के आखिरी ओवर में वनडे फॉर्मेट में अपना दूसरा शतक पूरा किया, जिसके दम पर वह पहली ऐसी भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई जो महिला वनडे फॉर्मेट में नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेलने में कामयाब हो सकी। इस मामले में इससे पहले सर्वाधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड ऋचा घोष के नाम पर था, जिन्होंने साल 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम के मैदान पर खेले गए मैच में 94 रनों की पारी खेली थी।

शतक लगाकर खास क्लब का भी हिस्सा बनी दीप्ति

महिला वनडे फॉर्मेट दीप्ति शर्मा अब वनडे फॉर्मेट में दूसरा शतक लगाने के साथ एक खास क्लब का भी हिस्सा बन गई हैं। दीप्ति अब महिला वनडे में सिर्फ चौथी ऐसी खिलाड़ी बन गई हैं, जो 2 शतकीय पारी खेलने के साथ 150 या उससे अधिक विकेट लेने में कामयाब रही हैं। इससे पहले वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर, ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी और साउथ अफ्रीका की मरिजाने केप्प यह कारनामा करने में कामयाब रहीं थी।

ये भी पढ़ें

कैचों ने डुबोई लुटिया! भारत के खिलाफ पहले 2 मैच गंवाने के बाद सामने आया न्यूजीलैंड कोच का दर्द

तिलक वर्मा के पास टी20 क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का मौका, इस लिस्ट में अभी दूसरे नंबर पर

Latest Cricket News