IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर सौरव गांगुली को हेड कोच नियुक्त किया। गांगुली के आते ही अगले आईपीएल सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स टीम में बड़े बदलाव हो रहे हैं। हाल ही में युवराज सिंह को बैटिंग कोच बनाया गया था और अब श्रीलंका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज चमिंडा वास को नया फास्ट बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया है। 52 साल के चमिंडा वास इस पद पर मुनाफ पटेल की जगह लेंगे। दिल्ली फ्रेंचाइजी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए ये जानकारी दी है।
डेक्कन चार्जर्स के साथ IPL जीत चुके हैं चामिंडा वास
चमिंडा वास की गिनती दुनिया के सबसे बेहतरीन बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में होती है। आईपीएल के शुरुआती सालों (2008 से 2010) में वह डेक्कन चार्जर्स टीम का हिस्सा रहे थे और उन्होंने 13 मैचों में 18 विकेट चटकाए थे। वह एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी वाली उसी डेक्कन चार्जर्स टीम में शामिल थे, जिसने साल 2009 में साउथ अफ्रीका में खेले गए आईपीएल के दूसरे सीजन के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराकर पहली बार खिताब हासिल किया था।
इंटरनेशनल क्रिकेट में चामिंडा वास ने लिए 761 विकेट
साल 1994 से 2009 के बीच अपने 15 साल के लंबे इंटरनेशनल करियर में चमिंडा वास ने श्रीलंका के लिए कुल 111 टेस्ट, 322 वनडे और 6 टी-20 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए टेस्ट में 355, वनडे में 400 और टी-20 में 6 विकेट चटकाए। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम 761 विकेट दर्ज है। इसके साथ ही उन्होंने बल्लेबाजी में भी योगदान दिया और टेस्ट में 3089 रन तथा वनडे में 2025 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम एक शानदार शतक और 13 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
पहली बार IPL में कोचिंग करेंगे चामिंडा वास
चमिंडा वास के पास कोचिंग का काफी अनुभव है। इससे पहले वह श्रीलंका की नेशनल टीम के साथ भी कोच के रूप में काम कर चुके हैं। हालांकि आईपीएल (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनका यह पहला कोचिंग असाइनमेंट है। वह अपने कोचिंग करियर में अब तक तीन अलग-अलग टीमों के साथ यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वास ने सबसे पहले न्यूजीलैंड टीम के साथ एक छोटे से अनुबंध के साथ कोचिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद वह साल 2013 से 2015 तक दोबारा श्रीलंकाई टीम से जुड़े। फिर साल 2016 के टी-20 वर्ल्ड कप के लिए उन्हें आयरलैंड का गेंदबाजी कोच बनाया गया था। 2026 की लंका प्रीमियर लीग (LPL) में कैंडी रॉयल्स टीम के हेड कोच रहे थे।
यह भी पढ़ें
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने खेली 151 रनों की धमाकेदार पारी, टीम ने चेज किया 358 रन का टारगेट
24 साल के खिलाड़ी ने 14 गेंदों में लगाया अर्धशतक, बाल-बाल बचा वैभव सूर्यवंशी का वर्ल्ड रिकॉर्ड
Latest Cricket News