Delhi Capitals VS Gujarat Giants: विमेंस प्रीमियर लीग 2024 का दसवां मुकाबला गुजरात जाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने बाजी मार के सीजन की लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। लेकिन उसका ये फैसला गलत साबित हुआ और सीजन की लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा।
मेग लैनिंग ने खेली कप्तानी पारी
कप्तान मेग लैनिंग के अर्धशतक की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 163 रन बनाए। लैनिंग ने 41 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेली। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद शेफाली वर्मा ने बाएं हाथ की स्पिनर तनुजा कंवर के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर एक बार फिर दिल्ली को तेज शुरुआत दिलाई। उनकी पारी हालांकि लंबी नहीं चली। वह नौ गेंद में 13 रन बनाकर मेघना सिंह की गेंद पर आउट हो गई। लैनिंग को 30 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए एलिस कैपसी के साथ 38 रन जबकि जेमिमा रोड्रिग्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की। गुजरात के पास हालांकि दिल्ली को और कम स्कोर पर रोकने का मौका था लेकिन टीम ने लचर फिल्डिंग की और कई कैच टपकाए।
गुजरात जाएंट्स की बल्लेबाजी रही फ्लॉप
164 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात जाएंट्स की बल्लेबाजी इस मैच में पूरी तरह फ्लॉप रही। एशले गार्डनर को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। एशले गार्डनर ने 31 गेंदों पर 40 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का जड़ा। लेकिन उनकी ये पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। गुजरात की टीम टारगेट का पीछा करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 138 रन ही बना सकी।
प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स इस जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। उसने 4 मैचों में से 3 मैचों में जीत हासिल की है। वहीं, मुंबई इंडियंस 4 मैचों में 3 जीत के बाद 6 अंकों होने के साथ प्वॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है, उनका नेट रनरेट दिल्ली कैपिटल्स से कम है। वहीं, यूपी वॉरियर्ज अभी प्वॉइंट्स टेबल में तीसरे और आरसीबी विमेंस टीम चौथे नंबर पर है।
ये भी पढ़ें
यशस्वी जायसवाल पर सभी की नजर, सिर्फ 1 रन और तोड़ देंगे विराट कोहली का 8 साल पुराना रिकॉर्ड
नाथन लायन का बड़ा कीर्तिमान, वॉर्न-मुरलीधरन के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
Latest Cricket News