IPL 2026 का लीग स्टेज समाप्त होने के साथ ही प्लेऑफ की तस्वीर साफ हो गई। दिल्ली कैपिटल्स की टीम एक बार फिर प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई। पिछले सीजन टीम पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर रही, जबकि इस बार दिल्ली ने छठे स्थान पर फिनिश किया। IPL 2026 में टीम को 14 मैचों में 7 हार का सामना करना पड़ा। इस तरह टीम का प्लेऑफ में जाने का सपना चकनाचूर हो गया। अब जब टूर्नामेंट प्लेऑफ स्टेज में पहुंच चुका है, दिल्ली कैपिटल्स ने अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने के लिए अनोखा तरीका आजमाया, जिसका वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।
दिल्ली के इस वीडियो को एक साहसिक कदम माना जा रहा है, जिसकी हर कोई तारीफ कर रहा है। X पर शेयर किए गए लगभग सात मिनट के इस वीडियो का कैप्शन दिया कि कभी-कभी सबसे अच्छी बातचीत वह होती है जो आप खुद से करते हैं। ऊंचाइयों, सीख और आत्म-चिंतन का एक सीजन, सीधे हमारे टाइगर्स के दिलों से।
DC ने अपनाया अनोखा तरीका
इस वीडियो में IPL 2026 सीजन के दिल्ली कैपिटल्स के हर खिलाड़ी को दिखाया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक-एक करके सभी खिलाड़ी एक खाली कमरे में दाखिल होते हैं, जहां उनके सामने कपड़े से ढका हुआ एक फ्रेम रखा हुआ है। हर खिलाड़ी को एक ही निर्देश दिया गया कि इस फ्रेम के पीछे आपके किसी साथी खिलाड़ी की तस्वीर है, और आपको यह बताना है कि उनका सीजन कैसा रहा और उन्होंने क्या सीखा। कुछ देर तक खिलाड़ी कन्फ्यूज रहते हैं और फिर जब पर्दा हटता है, तो सामने एक आईना नजर आता है। ये देख हर कोई चौंक जाता है।
प्लेयर का रिएक्शन हो रहा वायरल
करुण नायर ने फ्रैम को देखने के बाद घबराते हुए कहा कि यह कुछ डरावना सा है। वहीं, डेविड मिलर ने माना कि उन्हें घबराहट हो रही है। ज्यादातर खिलाड़ियों को कोई अंदाजा नहीं था कि उनके लिए आगे क्या इंतजार कर रहा है। सिर्फ मिलर ही सही अंदाजा लगाने के करीब पहुंचे, जब उन्होंने कहा कि यह उनकी ही तस्वीर है लेकिन तब सभी को हैरानी हुई, जब पता चला कि वह तो एक आईना था।
आईने में खुद को देखते हुए कप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि जैसा उन्होंने सोचा था, टूर्नामेंट का पहला हाफ वैसा नहीं रहा। लेकिन यह खेल का ही एक हिस्सा है। वहीं, डेविड मिलर ने कहा कि यह सीजन सच में बहुत अच्छा रहा। उन्हें बहुत मजा आया। एक नई फ्रैंचाइजी में आना... कुछ मैच जीते और कुछ हारे, एक मैच तो बहुत ही करीबी रहा। उन्होंने बहुत कुछ सीखा। केएल राहुल ने कहा कि इस सीजन में उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर जो कुछ भी हासिल किया है, उससे वह काफी खुश हैं। एक और सीजन गुजर गया, जिसमें न तो हम क्वालिफाई कर पाए और न ही उन्हें या उनकी टीम को वह चैंपियनशिप जीतने का मौका मिला। यह एहसास कुछ खट्टा-मीठा सा है।
यह भी पढ़ें:
ऑरेंज कैप की रेस में नया मोड़, दौड़ से बाहर हो गया भारतीय बल्लेबाज, 600 रन से भी चूका
RCB vs GT: 17 मैच में 2 फिफ्टी और 1 डक, IPL प्लेऑफ में विराट कोहली का कुछ ऐसा है रिकॉर्ड
Latest Cricket News