ILT20 के मौजूदा सीजन में टॉप पर चल रही डेजर्ट वाइपर्स टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। हेटमायर को यह चोट इसी हफ्ते अबू धाबी नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी। उनकी जगह पूर्व इंग्लैंड बल्लेबाज जेसन रॉय को वाइपर्स के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हेटमायर ने इस सीजन वाइपर्स के लिए अब तक सभी सात मैच खेले, हालांकि बल्ले से उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 6 पारियों में 18.50 की औसत से सिर्फ 111 रन बनाए, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 160.86 का रहा। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 48 रन रहा, जो उन्होंने 5 दिसंबर को अबू धाबी के खिलाफ 25 गेंदों में बनाया था।
जेसन रॉय को मिला मौका
वहीं जेसन रॉय हाल ही में नेपाल प्रीमियर लीग में पोखरा एवेंजर्स के लिए तीन मैच खेलकर ILT20 में पहुंचे हैं, जहां उन्होंने 34 की औसत से 68 रन बनाए। इससे पहले रॉय अबू धाबी T10 लीग में रॉयल चैंप्स टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। रॉय को ILT20 खेलने का अनुभव भी है। 2024 में उन्होंने अबू धाबी नाइट राइडर्स यानी ADKR के लिए दो मैच खेले थे, जबकि इसके अगले सीजन में वह शारजाह वॉरियर्स की ओर से 12 मैचों में 29.80 की औसत से 298 रन बना चुके हैं।
डेजर्ट वाइपर्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने कहा कि शिमरॉन जैसे अनुभवी और क्वालिटी खिलाड़ी का बाहर होना हमारे लिए निराशाजनक है, क्योंकि उन्होंने इस सीजन टीम के लिए सकारात्मक भूमिका निभाई। हालांकि जेसन रॉय जैसे अनुभवी खिलाड़ी का टीम में आना उस कमी को काफी हद तक पूरा करता है। उन्होंने आगे कहा कि जेसन हमारे लिए हर पैमाने पर फिट बैठते हैं। उन्हें इस फॉर्मेट की पूरी समझ है। वह एक वर्सेटाइल बैटर हैं जो अलग-अलग तरह से बैटिंग कर सकते हैं। वह हमें बैटिंग ऑर्डर में ऊपर और नीचे दोनों जगह ऑप्शन देते हैं। उनके पास ILT20 का अनुभव भी है।
डेजर्ट वाइपर्स टेबल में टॉप पर
डेजर्ट वाइपर्स फिलहाल पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बनी हुई है। टीम ने 7 में से 6 मैच जीते हैं। इस हफ्ते अबू धाबी नाइट राइडर्स के खिलाफ एक रन से मिली हार टूर्नामेंट में उनकी पहली हार थी, इससे पहले वाइपर्स ने लगातार 6 जीत दर्ज की थीं। वाइपर्स अपना अगला मुकाबला रविवार यानी 21 दिसंबर शाम दुबई में MI एमिरेट्स के खिलाफ खेलेगी, जहां नए खिलाड़ी जेसन रॉय पहले ही टीम से जुड़ चुके हैं।
यह भी पढ़ें:
टेस्ट और ODI टीम को लेकर आई बड़ी खबर, 27 साल का ये खिलाड़ी बना नया कप्तान
ईशान किशन की टीम इंडिया में वापसी से गदगद हुए पिता, सेलेक्शन को लेकर कही यह बात
Latest Cricket News