गॉल टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने अपने बल्ले से ऐसा कमाल कर दिया, जिसने उन्हें भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक बेहद खास क्लब में पहुंचा दिया। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में पडिक्कल ने 167 रन की शानदार पारी खेलकर न सिर्फ अपना पहला टेस्ट शतक बड़े स्कोर में बदला, बल्कि राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा जैसे दिग्गजों की बराबरी वाली सूची में भी जगह बना ली।
पडिक्कल श्रीलंका के खिलाफ नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 150 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा कर चुके हैं। द्रविड़ ने 2009 में अहमदाबाद टेस्ट में 177 रन बनाए थे, जबकि पुजारा ने 2017 में गाले में 153 रन की पारी खेली थी।
तीसरे टेस्ट में ही दिखाया दम
पडिक्कल ने गाले टेस्ट के पहले दिन अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया था। दूसरे दिन भी उन्होंने उसी लय को बरकरार रखा और 230 गेंदों का सामना करते हुए 167 रन बना डाले। हालांकि, उनकी शानदार पारी का अंत श्रीलंका के गेंदबाज प्रभाथ जयसूर्या ने किया, लेकिन तब तक वह भारतीय पारी को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे। पडिक्कल के लिए यह पारी इसलिए भी खास है क्योंकि वह अपने करियर का सिर्फ तीसरा टेस्ट खेल रहे हैं। नियमित नंबर-3 बल्लेबाज साई सुदर्शन के चोटिल होने के कारण उन्हें इस महत्वपूर्ण मुकाबले में मौका मिला था। उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से भुनाते हुए नंबर-3 की दावेदारी को मजबूत कर दिया है।
गॉल टेस्ट के पहले दिन पडिक्कल ने अपनी इस पारी के साथ खास उपलब्धि हासिल की। वह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले विराट कोहली यह कारनामा कर चुके हैं, हालांकि कोहली ने ODI मुकाबले में शतक लगाया था। पडिक्कल स्वतंत्रता दिवस पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने।
बारिश के बाद श्रीलंका ने की वापसी
मैच की बात करें तो गॉल में पहले टेस्ट के दूसरे दिन बारिश के कारण पूरा पहला सेशन धुल गया। इसके बाद खेल शुरू हुआ तो श्रीलंका के गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की। डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज केशरा नुवान्था और प्रभाथ जयसूर्या ने मिलकर भारत को तीन झटके दिए। टी ब्रेक तक आधी भारतीय टीम 364 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी। तीसरे और आखिरी सेशन में 4 विकेट और गिरे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 460/9 का स्कोर बना लिया था। स्टंप्स के समय प्रसिद्ध कृष्णा 1 रन और कुलदीप यादव 12 रन के स्कोर पर नाबाद लौटे।
यह भी पढ़ें:
बांग्लादेश से हारते ही पैट कमिंस के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज, बने दूसरे अनलकी ऑस्ट्रेलियाई कप्तान
महिला टी20 एशिया कप के लिए पाकिस्तानी टीम का हुआ ऐलान, फातिमा सना संभालेंगी कप्तानी की जिम्मेदारी
Latest Cricket News