भारत और श्रीलंका के बीच में खेले जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, जिसमें दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 460 रन बना लिए थे। प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव नाबाद लौटे। इससे पहले शुरुआती दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाए थे। दूसरे दिन देवदत्त पडिक्कल 167 रन बनाकर नाबाद लौटे। पहले दिन ही पडिक्कल ने शतक जड़ने का कारनामा किया था। दूसरे दिन वह 150 रनों का स्कोर पार करने में सफल रहे। केएल राहुल ने भी 82 रनों का योगदान दिया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर प्रसिद्ध कृष्णा 1 और कुलदीप यादव 12 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पहले दिन के खेल में दिखा पडिक्कल के बल्ले का कमाल
श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में देवदत्त पडिक्कल की वापसी देखने को मिली जिनको चोटिल साई सुदर्शन की जगह पर नंबर-3 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करने का मौका मिला। पडिक्कल ने इस मौके का फायदा पूरी तरह से उठाते हुए अपने टेस्ट करियर का जहां पहला शतक पूरा किया तो वहीं दिन का खेल खत्म होने पर 131 रन बनाकर नाबाद खेल रहे थे। पडिक्कल ने पहले दिन के खेल में ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 150 रनों की अहम साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को बड़े स्कोर की तरफ लेकर जाने में अहम भूमिका अदा की है। हालांकि पहले दिन दूसरे सेशन का खेल खत्म होने के बाद केएल राहुल खिंचाव की समस्या के चलते 77 के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। वहीं टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने इस बात की पुष्टि की है कि वह अब पूरी तरह से ठीक हैं और आगे बल्लेबाजी करेंगे।पहले टेस्ट मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत - यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका - लाहिरू उदारा, निशान फर्नांडो, दिनेश चांदीमल, कामिन्दु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।