चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में दो दिनों का खेल हो चुका है और दूसरे दिन के खेल का अंत होने तक ईस्ट जोन की टीम पहली पारी में 708 रन बनाकर ऑलआउट हो चुकी थी। ईस्ट जोन की तरफ से पहली पारी में ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 270 रन बनाए। वहीं कुमार कुशाग्र ने 101 रन का योगदान दिया। अब मुकाबले के तीसरे दिन साउथ जोन के बल्लेबाज ईस्ट जोन के स्कोर के करीब पहुंचने की कोशिश करेंगे। वहीं ईस्ट जोन के गेंदबाज जल्द से जल्द साउथ जोन को ऑलआउट करके बढ़त हासिल करना चाहेंगे।
टीम ने पहले दिन 4 विकेट खोकर 385 रन बनाए थे। वहीं, दूसरे दिन 6 विकेट खोए और 323 रन स्कोर में और जोड़े। कप्तान ईशान किशन 270 रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन ने इस ऐतिहासिक पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने अपनी पारी में 334 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उनके बल्ले से 30 चौके और 7 छक्के निकले। ईशान के अलावा कुमार कुशाग्र ने शानदार 101 रन बनाए। शिखर मोहन और अभिमन्यु ईश्वरन ने भी शानदार अर्धशतक जड़े। मोहन ने 120 गेंदों का सामना करते हुए 85 रन जबकि अभिमन्यु ने 86 गेंदों का सामना करते हुए 72 रन बनाए।
ईस्ट जोन वर्सेस साउथ जोन प्लेइंग XI
ईस्ट जोन (प्लेइंग XI): अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, ईशान किशन (विकेट कीपर/कप्तान), शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, मोहम्मद कौनैन कुरैशी, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार, मुकेश कुमार
साउथ जोन (प्लेइंग XI): रिकी भुई, नारायण जगदीसन (विकेट कीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद, एमडी निधीश
Latest Cricket News