1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ईशान किशन की ख्वाहिश रह गई अधूरी, तिहरे शतक से बाल बाल चूके, रिकॉर्ड्स की लगा दी झड़ी

ईशान किशन की ख्वाहिश रह गई अधूरी, तिहरे शतक से बाल बाल चूके, रिकॉर्ड्स की लगा दी झड़ी

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Sep 07, 2026 05:36 pm IST,  Updated : Sep 07, 2026 05:36 pm IST

ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में 270 रनों की धमाकेदार पारी खेली, लेकिन तिहरा शतक पूरा करने से पहले ही आउट हो गए। ईस्ट जोन की टीम ने 708 रनों का बड़ा स्कोर बना लिया है।

ishan kishan- India TV Hindi
ईशान किशन Image Source : PTI

दलीप ट्रॉफी के फाइनल में साउथ जोन के खिलाफ ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने दोहरा शतक तो लगा दिया, लेकिन उनकी एक ख्वाहिश अधूरी रह गई। वे अपने तिहरे शतक के बेहद करीब थे, लेकिन इससे बाल बाल चूक गए। हालांकि इसके बाद भी उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। इन सभी के बारे में आपको जरूर जानना चाहिए। हम आपको एक एक कर सबके बारे में बताने जा रहे हैं। 

ईस्ट जोन की जीत की ईशान किशन ने रख दी आधारशिला

ईशान किशन इस बार दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के कप्तान भी हैं और वे अपनी टीम को बेहतरीन प्रदर्शन के बल पर फाइनल तक ले आए हैं, वे अब खिताब जीतने से केवल एक कदम की दूरी पर हैं। पहले दो दिन में खुद कप्तान ने इसकी आधारशिला रख भी दी है। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन की ओर से दोहरा शतक लगाने वाले वे पहले विकेटकीपर कप्तान बन गए हैं। ​दलीप ट्रॉफी के फाइनल में वे दोहरा शतक लगाने वाले केवल सातवें ब​ल्लेबाज भी बन गए हैं। 

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पूरे किए चार हजार रन, दसवां शतक लगाया

इतना नहीं, ईशान किशन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने चार हजार रन भी पूरे किए और ये उनका इस फॉर्मेट में दसवां शतक भी था। ये दोनों उपलब्धियां उन्होंने एक ही पारी में हासिल कर ली। इससे पहले उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में भी शतक ठोका था। तब उन्होंने 49 बॉल पर 101 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। 

ईशान ने खेली 334 बॉल पर 270 रनों की पारी

इस फाइनल मुकाबले में ईशान ने 334 बॉल पर 270 रनों की जबरदस्त पारी खेली। केवल 30 रन से वे तिहरा शतक पूरा करने से चूक गए। उन्होंने इस दौरान 30 चौके और सात छक्के लगाने का काम किया। वे 30 और रन बना लेते तो इस टूर्नामेंट में तिहरा शतक लगाने वाले केवल तीसरे बल्लेबाज बन जाते। इससे पहले तिहरा शतक केवल रमन लांबा और गगन खोड़ा ही लगा पाए हैं, वे इस लिस्ट में शामिल होने के बेहद करीब थे, लेकिन इससे पहले ही आउट होकर उन्हें वापस जाना पड़ा। 

ईस्ट जोन ने पहली पारी में बनाए 708 रन

इस बीच फाइनल मैच में अब तक दो दिन का खेल हो चुका है और दोनों दिन ईस्ट जोन ने ही बल्लेबाजी की है। टीम जैसे ही आउट हुई, दिन का खेल भी खत्म हो गया। टीम ने 163 ओवर की बैटिंग की और इस दौरान 708 रन का बड़ा स्कोर बना दिया है। जहां ईशान ने 270 रन बनाए, वहीं कुमार कुशाग्र ने 101 रनों की अच्छी पारी खेली। अब तीसरे दिन साउथ जोन की बैटिंग आएगी, देखना होगा कि टीम इस लक्ष्य का पीछा कैसे करती है। 

यह भी पढ़ें 

ODI World Cup 2027 से पहले अंग्रेजों की बड़ी तैयारी, पूर्व कप्तान को बनाया स्पेशलिस्ट मेंटर

भारत से सीरीज खेलने के लिए व्याकुल है पाकिस्तान, आईसीसी जल्द ले सकता है फैसला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल