पाकिस्तान में होने वाली ODI ट्राई-सीरीज से पहले इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। बटलर श्रीलंका के खिलाफ दूसरे ODI के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण टीम से बाहर हुए हैं, जबकि आर्चर को इंग्लैंड के व्यस्त घरेलू सीजन के बाद उनके वर्कलोड को देखते हुए आराम दिया गया है।
सीरीज के लिए चुने गए 16 प्लेयर
दरअसल, इंग्लैंड ने पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ होने वाली ट्राई-सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। टीम में लेग स्पिनर आदिल राशिद की वापसी हुई है। हाथ की चोट के कारण वह श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में खेली गई तीन मैचों की ODI सीरीज में नहीं खेल पाए थे। इंग्लैंड ने वह सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।
ऑलराउंडर सैम करन भी ग्रोइन की चोट से उबरने के बाद टीम में लौट आए हैं। इसके अलावा ग्लेमॉर्गन के लेग स्पिनर मेसन क्रेन को करीब 8 साल बाद इंग्लैंड की नेशनल टीम में वापस बुलाया गया है। क्रेन ने आखिरी बार 2018 में इंटरनेशनल मुकाबला खेला था। उनके नाम दो T20I मैच हैं और उन्होंने जनवरी 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी एशेज टेस्ट के लिए भी इंग्लैंड टीम में जगह बनाई थी। हालांकि, उन्होंने अब तक ODI क्रिकेट में इंटरनेशनल डेब्यू नहीं किया है।
स्क्वाड में 2 अनकैप्ड खिलाड़ियों को मिला चांस
इंग्लैंड ने इस टीम में दो अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी शामिल किया है। ससेक्स के जेम्स कोल्स और हेनरी क्रोकॉम्बे इस गर्मी में इंग्लैंड की व्हाईट बॉल टीम का हिस्सा रहे हैं और अब उन्हें एक बार फिर मौका दिया गया है। इंग्लैंड के मेन्स नेशनल सिलेक्टर मार्कस नॉर्थ ने कहा कि ट्राई-सीरीज से खिलाड़ियों को अलग परिस्थितियों में खुद को परखने का मौका मिलेगा।
ट्राई-सीरीज में इंग्लैंड के अलावा पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबले रावलपिंडी और लाहौर में खेले जाएंगे। तीनों टीमें डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी और इसके बाद पॉइंट्स टेबल की शीर्ष दो टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। फाइनल 31 अक्टूबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाना है।
पाकिस्तान में होने वाली ODI ट्राई सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), गस एटकिंसन, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, मेसन क्रेन, हेनरी क्रोकॉम्बे, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, जो रूट, जोश टंग।
यह भी पढ़ें:
SA20 के ऑक्शन को लेकर आई बड़ी खबर, डुप्लेसी और मुल्डर समेत 156 खिलाड़ी हुए शॉर्टलिस्ट
ईशान किशन ने ध्वस्त किया 8 साल पुराना रिकॉर्ड, इस मामले में छोड़ दिया कई खिलाड़ियों को पीछे
Latest Cricket News