U19 World Cup के फाइनल में पहुंचा इंग्लैंड, डिफेंडिंग चैंपियन को रोमांचक मुकाबले में हराया
इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से मात देते हुए आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 के फाइनल में जगह बना ली है। इस मैच में दोनों टीमों के कप्तान ने शतक लगाया।

अंडर-19 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सामना इंग्लैंड से हुआ। ये मुकाबला बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मैच में इंग्लैंड ने चार बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 277 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 47.3 ओवर में 250 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रेव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
थॉमस रेव ने इंग्लैंड के लिए खेली शतकीय पारी
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम को इस मैच में शुरुआत अच्छी नहीं मिली। टीम ने महज 3 के स्कोर पर बेन डॉकिन्स (1) का विकेट खो दिया था। इसके बाद बेन मेयस ने जोसेफ मूर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की पार्टनरशिप की। जोसेफ 33 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मेयस ने 33 गेंदों में 24 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की टीम 60 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो चुकी थी। यहां से कैलेब फाल्कनर ने कप्तान थॉमस रेव के साथ चौथे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान थॉमस ने 107 गेंदों में 110 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया। जबकि फाल्कनर ने 4 चौकों के साथ 40 रन की पारी खेली। इनके अलावा, फरहान अहमद 28 रन बनाकर नाबाद रहे।
ओलिवर पीक की शतकीय पारी गई बेकार
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम को इंग्लैंड की तुलना में शुरुआत अच्छी मिली थी। उनके सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। वहीं 47 के स्कोर पर टीम को दूसरा झटका लगा था। यहां से कप्तान ओलिवर पीक ने नितेश सैमुअल के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को संभाला, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही ऑस्ट्रेलियाई पारी फिर से लड़खड़ा गई। कप्तान ने एक छोर पर खड़े होकर शतक जरूर लगाया, लेकिन उनकी ये 100 रनों की पारी बेकार गई। टीम के लिए नितेश सैम्युएल ने 47 रन बनाए। वहीं आर्यन शर्मा ने 23 बॉल पर 34 रन की तेज पारी खेली। लेकिन अंत में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
ऑस्ट्रेलिया को मिली इस वर्ल्ड कप की पहली हार
इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के लिए यह पहली हार है। इस हार के साथ ही उनकी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। वहीं इंग्लैंड इस टूर्नामेंट में अभी तक अजेय रहा है। उनकी टीम एक भी मैच नहीं हारी है। यही हाल टीम इंडिया का भी है। वह भी एक भी मैच नहीं हारे हैं। अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना भारत या अफगानिस्तान में से किस टीम से होता है ये देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
WPL 2026 DC vs GG: आज कितने बजे से शुरू होगा एलिमिनेटर, जान लीजिए मैच शुरू होने का सही वक्त