1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान के खिलाफ अर्शदीप सिंह को मौका मिलना मुश्किल, फील्डिंग कोच की बातों से लगभग हुआ साफ

पाकिस्तान के खिलाफ अर्शदीप सिंह को मौका मिलना मुश्किल, फील्डिंग कोच की बातों से लगभग हुआ साफ

भारतीय क्रिकेट टीम 14 सितंबर को एशिया कप 2025 में पड़ोसी पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलेगी। लेकिन इस मैच में अर्शदीप सिंह को खेलना मुश्किल लग रहा है।

arshdeep singh- India TV Hindi
Image Source : AP अर्शदीप सिंह

टी20 एशिया कप 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना पहला मुकाबला यूएई के खिलाफ 9 विकेट से जीता था। अब इसके बाद भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ 14 सितंबर को महामुकाबला खेलेगी। जहां उसकी निगाहें जीत दर्ज करने पर होंगी। लेकिन इस मैच से पहले ही भारतीय टीम के फील्डिंग कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा कि इस मैच की प्लेइंग इलेवन के लिए बदलाव की संभावना लगभग ना के बराबर है।

भारत जीत का प्रबल दावेदार: डोएशे

भारतीय टीम के फील्डिंग कोच रेयान टेन डोएशे ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पूर्व कहा कि हमें पता है कि वरुण, अक्षर या कुलदीप के बारे में हम क्या महसूस करते हैं? हर कोई अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र है। वे अपने खिलाड़ियों को कोई भी रैंकिंग दे सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि पूरी ईमानदारी से कहूं तो भारत कल जीत का प्रबल दावेदार है। हमारा फोकस बल्ले से 120 गेंदों पर और गेंदबाजी में 120 गेंदों पर होगा। जो टीम 240 गेंदों में बेहतर प्रदर्शन करेगी, वह जीतेगी। उन्होंने कहा कि किसी बदलाव की संभावना नहीं है। चैंपियंस ट्रॉफी की तुलना में यह विकेट अलग है लेकिन पहले मैच में टीम संयोजन सही था।

यूएई के खिलाफ कुलदीप ने हासिल किए थे चार विकेट

यूएई के खिलाफ पहले मैच में भारतीय टीम के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया था। टीम के लिए कुलदीप यादव, शिवम दुबे और अभिषेक शर्मा सबसे बड़े हीरो साबित हुए थे। इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम जीत दर्ज करने में सफल रही थी। कुलदीप ने चार विकेट हासिल किए थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला था। वहीं अभिषेक शर्मा ने 30 रन बनाए थे।

अर्शदीप सिंह रह सकते हैं प्लेइंग इलेवन से बाहर

ऐसा माना जा रहा था कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती में से किसी एक प्लेयर की जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। क्योंकि अर्शदीप सिंह ने पिछले कुछ समय से बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया था। वह मौजूदा समय में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वह भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा 99 विकेट लेने वाले बॉलर हैं। लेकिन रेयान टेन डोएशे की बातों से लग रहा है कि अर्शदीप सिंह को पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर रखा जा सकता है।

(Input: PTI)

यह भी पढ़ें:

Asia Cup 2025: श्रीलंका ने दर्ज की धमाकेदार जीत, जीत के साथ किया आगाज, बांग्लादेश को 6 विकेट से दी मात

सीधे स्टंप पर जाकर लगी गेंद, बेल्स में लाइट भी जली; फिर भी बल्लेबाज रहा नॉटआउट; जानें क्यों?

Latest Cricket News