इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का छठा मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से मात देने के साथ इस सीजन अपनी जीत का खाता खोला। केकेआर की टीम ने इस मैच में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने 226 रनों का स्कोर बना दिया। इसके बाद केकेआर की तरफ से पारी की शुरुआत काफी धमाकेदार अंदाज में देखने को मिली, जिसमें फिन एलन ने पहले ओवर में जिस तेजी से रन बनाए उससे हैदराबाद की टीम दबाव में जरूर आ गई थी, लेकिन उनके पवेलियन लौटने के साथ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम मुकाबले में वापसी करने में कामयाब रही। फिन एलन के बल्ले से 7 गेंदों में 28 रनों की पारी देखने को मिली, जिसके दम पर एक वह एक बड़ा रिकॉर्ड बतौर विदेशी खिलाड़ी बनाने में कामयाब रहे।
आईपीएल मैच में पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बने विदेशी खिलाड़ी
फिन एलन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में अजिंक्य रहाणे के साथ ओपनिंग में उतरे थे, जिसमें पहली गेंद का सामना रहाणे ने किया और एक रन लेकर फिन एलन को स्ट्राइक दे दी। इसके बाद एलन ने अगली 5 गेंदों पर तीन चौके और 2 छक्के जड़ने के साथ कुल 24 रन बना दिए। इसी के साथ फिन एलन आईपीएल इतिहास में किसी मैच में पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड उनकी टीम के खिलाड़ी सुनील नरेन के नाम पर था, जिन्होंने साल 2018 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में पारी के पहले ओवर में कुल 21 रन बनाए थे।
फिन एलन ने की पृथ्वी शॉ की बराबरी, यशस्वी टॉप पर बरकरार
आईपीएल में किसी मैच में पारी की शुरुआत करते हुए पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम पर है, जिसमें उन्होंने साल 2023 के सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में पहले ओवर में 26 रन बनाए थे। वहीं फिन एलन इस लिस्ट में पृथ्वी शॉ के साथ अब संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर काबिज हैं। पृथ्वी शॉ ने साल 2021 के आईपीएल सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले ओवर में 24 रन बनाए थे।
आईपीएल में पारी के पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
- यशस्वी जायसवाल - 26 रन बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (साल 2023)
- पृथ्वी शॉ - 24 रन बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (साल 2021)
- फिन एलन - 24 रन बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (साल 2026)
- यशस्वी जायसवाल - 22 रन बनाम पंजाब किंग्स (साल 2025)
- नमन ओझा - 21 रन बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (साल 2009)
- सुनील नरेन - 21 रन बनाम राजस्थान रॉयल्स (साल 2018)
ये भी पढ़ें
रिंकू सिंह ने आंद्रे रसेल को छोड़ा पीछे, KKR के लिए IPL में इस मामले में पहुंचे नंबर-1 की पोजीशन पर
अभिषेक शर्मा ने पूरा किया खास शतक, SRH के लिए IPL में ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे खिलाड़ी
Latest Cricket News