1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA20: लाइव मैच के दौरान हुआ बड़ा हादसा, स्टेडियम छोड़कर भागने लगे फैंस, मची अफरातफरी

SA20: लाइव मैच के दौरान हुआ बड़ा हादसा, स्टेडियम छोड़कर भागने लगे फैंस, मची अफरातफरी

साउथ अफ्रीका की टी20 लीग SA20 के मैच के दौरान पार्किंग में आग लग गई। इसके बाद कुछ फैंस स्टेडियम से भागते हुए नजर आए। आग लगने के बाद फैंस के बीच अफरातफरी वाला माहौल देखने को मिला।

Fire During SA20 Match- India TV Hindi
Image Source : SCREENGRAB/X@SA20 SA20 मैच के दौरान लगी आग

SA20 के जारी सीजन में 10 दिसंबर को प्रिटोरिया कैपिटल्स और पार्ल रॉयल्स के बीच खेला गया। यहां मैच साउथ अफ्रीका के बोलैंड पार्क में खेला गया, जहां एक बड़ा हादसा देखने को मिला। इसे देखने के बाद फैंस के बीच अफरातफरी मच गई। दरअसल जब ये मुकाबला खेला जा रहा था, उस वक्त स्टेडियम के बाहर आग लग गई, जिसके चलते वहां हड़कंप मच गया। यह घटना पार्ल रॉयल्स की बल्लेबाजी के दौरान घटी, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। कुछ फैंस मैच के बीच में ही स्टेडियम से बाहर जाते हुए नजर आए।

स्टेडियम के पार्किंग में लगी आग

दरअसल, पार्ल रॉयल्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच खेले गए इस मुकाबले के दौरान स्टेडियम के बाहर पार्किंग एरिया में अचानक आग लग गई। यह घटना पार्ल रॉयल्स की पारी के चौथे ओवर में देखने को मिली। हालांकि, सातवें ओवर तक आग को पूरी तरह बुझा दिया गया स्थिति पर काबू पा लिया गया। आग स्टेडियम के पश्चिमी हिस्से में लगी थी। लेकिन फायर ब्रिगेड की सूझबूझ से आग को जल्दी बुझा दिया गया। अच्छी खबर यह रही कि इस आग से कोई नुकसान नहीं हुआ और न ही किसी को चोट लगी। हालांकि, कुछ फैंस अपनी गाड़ियों को देखने के लिए मैदान से बाहर चले गए।

धुएं के बीच खेला गया ये मैच

साउथ अफ्रीका में जहां यह मैच खेला जा रहा था, उस एरिया के पहाड़ों में आग लगी हुई है। पार्ल के पास फ्रांस्चोएक नाम के शहर में बुधवार से आग लगी हुई है। गर्मी और तेज हवाओं के कारण शनिवार तक आग पूरी तरह से नहीं बुझ पाई थी। आस-पास के कई इलाकों में भी यह आग फैल गई है। इस कारण बोलैंड पार्क स्टेडियम में पार्ल रॉयल्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स का मैच आग से फैले धुएं के बीच खेला गया। इस मैच में एक इनिंग का खेल जब समाप्त हुआ तब तक स्टेडियम में भी काफी धुआं देखने को मिला था।

इस मैच में प्रिटोरिया ने दर्ज की जीत

इस मैच की बात करें तो ये एक लो स्कोरिंग मैच रहा, जहां प्रिटोरिया कैपिटल्स की टीम एक छोटा टारगेट डिफेंड करने में कायमाब रही। प्रिटोरिया कैपिटल्स ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। इस दौरान शेरफेन रदरफोर्ड ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। वहीं शे होप ने 22 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में पार्ल रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 117 रन ही बना सकी। कैपिटल्स की ओर से केशव महाराज ने कमाल की गेंदबाजी और 2 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। इस मैच को प्रिटोरिया ने 21 रनों से अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें

IND vs NZ: वडोदरा की पिच पर बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा जलवा? BCA स्टेडियम पर पहली बार खेलने उतरेगी टीम इंडिया

वैभव सूर्यवंशी के बाद तीन और प्लेयर्स ने लगाया अर्धशतक, वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया का धमाकेदार प्रदर्शन

Latest Cricket News