1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सौरव गांगुली के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, ICC हॉल ऑफ फेम में होंगे शामिल

सौरव गांगुली के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, ICC हॉल ऑफ फेम में होंगे शामिल

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को 11 जुलाई को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा। इस सम्मान के लिए गांगुली ने ICC और चेयरमैन जय शाह का आभार जताया।

Sourav Ganguly- India TV Hindi
Image Source : AFP सौरव गांगुली

भारतीय क्रिकेट के के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। गांगुली को क्रिकेट जगत के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा। 11 जुलाई को होने वाले ICC के खास समारोह में गांगुली को आधिकारिक तौर पर यह सम्मान दिया जाएगा। इसके साथ ही वह ICC हॉल ऑफ फेम में जगह बनाने वाले 10वें मेन्स भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे। ICC की वार्षिक बैठक के बाद आयोजित होने वाले इस समारोह में गांगुली को क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

जय शाह और ICC का जताया आभार

इस सम्मान की घोषणा के बाद सौरव गांगुली ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की और ICC तथा उसके चेयरमैन जय शाह का धन्यवाद किया। गांगुली ने लिखा - ICC और चेयरमैन जय शाह का उन्हें हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए धन्यवाद। यह बहुत बड़ा सम्मान है। हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 10 भारतीयों में से एक बनना गर्व की बात है। इतने महान खिलाड़ियों के साथ इस सूची का हिस्सा बनना अद्भुत अहसास है।

ICC हॉल ऑफ फेम में पहले से कई भारतीय दिग्गजों को जगह मिल चुकी है। इनमें सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, बिशन सिंह बेदी, कपिल देव, अनिल कुंबले, विनू मांकड़, डायना एडुल्जी, नीतू डेविड और महेंद्र सिंह धोनी जैसे नाम शामिल हैं। अब इस प्रतिष्ठित सूची में सौरव गांगुली का नाम भी जुड़ जाएगा।

बल्ले और कप्तानी दोनों से छोड़ी अमिट छाप

सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में गिना जाता है। उन्होंने सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से ही नहीं, बल्कि आक्रामक नेतृत्व से भी भारतीय टीम की सोच बदलने में अहम भूमिका निभाई। अपने इंटरनेशनल करियर में गांगुली ने तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 18575 रन बनाए और 38 शतक लगाए। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 113 मैचों में 42.17 की औसत से 7212 रन बनाए, जिसमें 16 शतक** शामिल रहे। वहीं, ODI क्रिकेट में उन्होंने 311 मैचों में 41.02 की औसत से 11363 रन बनाए और 22 शतक जड़े।

संन्यास के बाद भी क्रिकेट से जुड़े रहे

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी गांगुली खेल से लगातार जुड़े रहे। वह BCCI के अध्यक्ष रह चुके हैं। फिलहाल वह क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष हैं और SA20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में टीम पिछले सीजन फाइनल तक पहुंची थी।

यह भी पढ़ें:

सौरव गांगुली ने ठोका 50 करोड़ रुपये का मानहानि मुकदमा, कोलकाता में हुए मेसी के इवेंट से जुड़ा है मामला

मोहम्मद शमी के सपोर्ट में सामने आए सौरव गांगुली, सेलेक्टर्स पर साधा निशाना!

Latest Cricket News