1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी पाया गया मैच फिक्सिंग का दोषी, IPL में इस टीम का रहा था हिस्सा

टी20 वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी पाया गया मैच फिक्सिंग का दोषी, IPL में इस टीम का रहा था हिस्सा

श्रीलंका टीम के पूर्व खिलाड़ी सचित्रा सेनानायके जो साल 2014 में टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के भी सदस्य रहे हैं उन्हें हंबनटोटा हाईकोर्ट ने मैच फिक्सिंग के आरोप में दोषी पाया है।

Sachithra Senanayake- India TV Hindi
Image Source : GETTY सचित्र सेनानायके

क्रिकेट वर्ल्ड में मैच फिक्सिंग का साया लगातार मंडराता रहता है, जिसमें अब श्रीलंका टीम के पूर्व खिलाड़ी सचित्रा सेनानायके अब दोषी पाए गए हैं। श्रीलंका में होने वाली लंका प्रीमियर लीग में साल 2020 में खेले गए सीजन में सचित्रा सेनानायके पर साथी खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए लुभाने का आरोप लगा था। इस मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी, लेकिन बाद में उन्हें साल 2023 में जमानत पर छोड़ दिया गया था। अब इस मामले में जांच पूरी होने के साथ सेनानायके को मैच फिक्सिंग करने का दोषी पाया गया है।

हंबनटोटा हाईकोर्ट ने मैच फिक्सिंग का दोषी ठहराया

श्रीलंका टीम के पूर्व खिलाड़ी सचित्रा सेनानायके पर जब मैच फिक्सिंग का आरोप लगा था तो उसके बाद से इस मामले में जांच चल रही थी। अब हंबनटोटा हाईकोर्ट ने मैच फिक्सिंग का दोषी ठहराया है जिसमें लंका प्रीमियर लीग में उन्हें एक साथी खिलाड़ी को लुभाने की कोशिश का आरोप सिद्ध हो चुका है। अटॉर्नी जनरल के विभाग ने बताया कि श्रीलंका में हाल ही में लागू किए गए भ्रष्टाचार विरोधी कानून के तहत मैच फिक्सिंग के लिए राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटर पर यह पहला ऐसा अभियोग है। इस मामले में स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कोलंबो किंग्स के लिये खेल रहे थारिंडु रत्नायके को फिक्सिंग की पेशकश की थी।

श्रीलंका की टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं सेनानायके

साल 2014 में जब श्रीलंका की टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी तो उस स्क्वाड का हिस्सा सचित्रा सेनानायके भी थे। 40 साल के सेनानायके ने साल 2012 से लेकर 2016 तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेला जिसमें उन्हें श्रीलंका की टीम से 49 वनडे और 24 टी20 मुकाबले खेलने का मौका भी मिला। इसमें उन्हें वनडे में जहां 53 विकेट अपने नाम किए तो वहीं टी20 में सेनानायके ने कुल 25 विकेट हासिल किए। इंडियन प्रीमियर लीग में भी सचित्रा सेनानायके को खेलने का मौका मिला था जब वह साल 2013 के आईपीएल सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा बने थे। सचित्रा को आईपीएल में कुल 8 मैच खेलने का मौका मिला जिसमें उन्होंने 23.22 के औसत से 9 विकेट हासिल किए।

(PTI INPUTS)

ये भी पढ़ें

WTC Final 2025 की लाइव स्ट्रीमिंग भारत में फ्री में देखने का मौका, एक क्लिक से समझें पूरी जानकारी

इस आईपीएल टीम में मचा हाहाकार, एक साथ कई की हो सकती है छुट्टी

Latest Cricket News