1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जी कमलिनी ने टी20 मैच में लगाए 6 छक्के, 59 गेंदों में जड़ दिए 101 रन, टीम को मिली बड़ी जीत

जी कमलिनी ने टी20 मैच में लगाए 6 छक्के, 59 गेंदों में जड़ दिए 101 रन, टीम को मिली बड़ी जीत

जी कमालिनी ने डोमेस्टिक टी20 टूर्नामेंट में 101 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 171 से ज्यादा का रहा।

G Kamlini- India TV Hindi
Image Source : AFP जि कामलिनी

भारतीय टीम की युवा खिलाड़ी जी कमलिनी ने सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में बहुत शानदार प्रदर्शन किया है। 18 साल की इस बल्लेबाज और विकेटकीपर ने गुजरात के खिलाफ मैच में कमाल करते हुए केवल 59 गेंदों में 101 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। लखनऊ के एकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में उनकी इस ताबड़तोड़ पारी की बदौलत तमिलनाडु की टीम ने 67 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।

30 गेंदों में कमलिनी ने लगाया अर्धशतक

कमलिनी पारी की शुरुआत में काफी धीमी बल्लेबाजी कर रही थी। लेकिन क्रीज पर सेट होने के बाद उन्होंने आक्रामक अप्रोच अपनाया। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 30 गेंदों में ही 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से अपने 50 रन पूरे कर लिए थे। मैदान पर उनका खेल बेहद आक्रामक और धमाकेदार रहा। मैच के 15.6 ओवर में जब टीम का स्कोर 3 विकेट पर 142 रन था, तब वह रेनुका चौधरी की गेंद पर खुशी शर्मा को कैच थमा बैठीं और पवेलियन लौट गईं। इस शानदार पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 171 से भी ज्यादा का रहा।

कमलिनी ने अपनी पारी में लगाए 6 छक्के

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए तमिलनाडु की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 173 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। तमिलनाडु की तरफ से गुलालन कमलिनी ने बेहद तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 59 गेंदों में 101 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उनके अलावा रोशनी आर ने 23 रन और दयालन हेमलता ने 20 रनों का योगदान दिया। 174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात वुमंस की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट पर मात्र 106 रन ही बना सकी और 67 रनों से मैच हार गई।

WPL में मुंबई के लिए खेल चुकी हैं कमलिनी

यह घरेलू टी20 क्रिकेट में कमालिनी का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। 18 साल की यह खिलाड़ी तमिलनाडु के मदुरई की रहने वाली हैं और बाएं हाथ से ताबड़तोड़ ओपनिंग बैटिंग करने के लिए जानी जाती हैं। बल्लेबाजी के अलावा वह विकेटकीपिंग भी करती हैं। इससे पहले वह अंडर-19 टीम के लिए खेलते हुए भारत को वर्ल्ड कप और एशिया कप जिताने में बहुत अहम भूमिका निभा चुकी हैं। विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में पहले मुंबई इंडियंस के लिए खेलने के बाद, हाल ही में गुजरात जायंट्स ने उन्हें 40 लाख रुपये की बड़ी कीमत में खरीदा है।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी बने कप्तान, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार की टीम का हुआ ऐलान

ICC का बड़ा ऐलान, नेपाल में खेला जाएगा वर्ल्ड कप क्वालीफायर, शेड्यूल का हुआ ऐलान

Latest Cricket News