1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ग्लेन फिलिप्स ने शतक ठोकने के बाद किया गुजरात टाइटंस का जिक्र, बोले- शानदार बैटिंग के पीछे IPL का हाथ

ग्लेन फिलिप्स ने शतक ठोकने के बाद किया गुजरात टाइटंस का जिक्र, बोले- शानदार बैटिंग के पीछे IPL का हाथ

भारत के खिलाफ चौथे टी20 मैच में ग्लेन फिलिप्स ने शानदार शतक लगाया। शतक लगाने के बाद उन्होंने कहा कि उनके शानदार प्रदर्शन के पीछे आईपीएल (IPL) और गुजरात टाइटंस का बहुत बड़ा हाथ है।

Glenn Philips- India TV Hindi
Image Source : GETTY ग्लेन फिलिप्स

भारत के खिलाफ चौथे टी20 मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने शानदार शतक लगाया है। इस मैच में उन्होंने 49 गेंदों में 107 रनों की शानदार पारी खेली। इस सीरीज में फिलिप्स का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। चौथे टी20 के बाद उन्होंने अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन का श्रेय आईपीएल से मिली सीख को दिया, इस दौरान उन्होंने गुजरात टाइटंस का भी जिक्र किया। फिलिप्स इस सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने चार मैच में 276 रन बनाए हैं।

आईपीएल को लेकर ग्लेन फिलिप्स ने क्या कहा?

चौथे टी20 मैच के बाद ग्लेन फिलिप्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आईपीएल अपने आप में एक अलग तरह का टूर्नामेंट है। वहां आठ विदेशी खिलाड़ियों में से केवल चार को ही अंतिम एकादश में जगह मिलती है जिससे प्रतिस्पर्धा काफी कठिन हो जाती है। अगर आप मैदान पर उतरकर असाधारण प्रदर्शन नहीं करते हैं तो आपकी जगह लेने के लिए हमेशा कोई दूसरा खिलाड़ी तैयार रहता है। हालांकि फिलिप्स का मानना है कि आईपीएल में बिताए गए समय से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला है।

ग्लेन फिलिप्स ने की गुजरात टाइटंस की तारीफ

फिलिप्स ने कहा कि गुजरात टाइटंस में मुझे शानदार सुविधाएं, बेहतरीन कोच और अपनी बल्लेबाजी पर काम करने के लिए काफी समय मिला। इंग्लैंड में भी मैंने यह दिखाया कि चाहे रेड बॉल क्रिकेट हो या व्हाइट बॉल क्रिकेट, मैं लगातार रन बनाने में सक्षम हूं। उन्होंने कहा कि बेशक आप आईपीएल में रन बनाना चाहते हैं, खूब पैसा कमाना चाहते हैं और ऐसा होना शानदार होगा। लेकिन आईपीएल से आपको कई ऐसी चीजें सीखने को भी मिलती हैं, भले ही आपको खेलने का मौका मिले या नहीं। मेरा मानना है कि आईपीएल या किसी अन्य टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले हर खिलाड़ी की जिम्मेदारी है कि वह वहां मिलने वाले अनुभव और मौकों का अधिक से अधिक लाभ उठाए।

टी20 सीरीज में फिलिप्स का प्रदर्शन रहा है शानदार

IND vs NZ T20 सीरीज में ग्लेन फिलिप्स अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 4 मैचों में 92 की शानदार औसत से कुल 276 रन बनाए हैं, जिसमें एक शानदार शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 189.04 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 21 चौके और 17 गगनचुंबी छक्के लगाए हैं। इसी के साथ वे इस सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में अभिषेक शर्मा से भी आगे निकल गए हैं। अभिषेक के बल्ले से अभी तक 16 छक्के आए हैं।

यह भी पढ़ें

यशस्वी जायसवाल को क्या हुआ! डक पर हुए आउट, टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन

अक्षर पटेल का T20 क्रिकेट में ऐतिहासिक डबल, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय ऑलराउंडर

Latest Cricket News