1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ग्लेन फिलिप्स का धमाकेदार रिकॉर्ड! भारत के खिलाफ एक T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने

ग्लेन फिलिप्स का धमाकेदार रिकॉर्ड! भारत के खिलाफ एक T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 30, 2026 05:02 pm IST,  Updated : Oct 30, 2026 05:02 pm IST

न्यूजीलैंड टीम के बेहतरीन खिलाड़ियों में शामिल ग्लेन फिलिप्स का भारतीय टीम के खिलाफ टी20 सीरीज में लगातार चौथे मुकाबले में भी शानदार फॉर्म जारी देखने को मिला जिसमें ऑकलैंड के मैदान पर उन्होंने 107 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

Glenn Phillips- India TV Hindi
ग्लेन फिलिप्स Image Source : AP

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान कीवी टीम की तरफ से शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उन्होंने 20 ओवर्स में 259 रनों का रिकॉर्ड स्कोर बना दिया। न्यूजीलैंड को इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में सीरीज में शानदार फॉर्म में चल रहे ग्लेन फिलिप्स के बल्ले के कमाल देखने को मिला जिन्होंने 107 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। इसके दम पर फिलिप्स एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने में कामयाब रहे जिसमें वह अब एक टी20 सीरीज में भारतीय टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

फिलिप्स ने तोड़ा शे होप का रिकॉर्ड

ग्लेन फिलिप्स का भारतीय टीम के खिलाफ टी20 सीरीज के चारों मुकाबलों में बल्ले से शानदार फॉर्म देखने को मिला, जिसमें ऑकलैंड के ईडन पार्क में चौथे टी20 मैच में जब कीवी टीम ने 34 स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे, तो उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे ग्लेन फिलिप्स ने एक छोर से ना सिर्फ पारी को संभाली बल्कि तेजी के साथ रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने अपनी 107 रनों की शतकीय पारी में 49 गेंदों का सामना किया जिसमें उनके बल्ले से 6 चौके और 10 छक्के देखने को मिले। ग्लेन फिलिप्स इसी के साथ एक टी20 सीरीज में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जिसमें उन्होंने वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने अक्टूबर महीने की शुरुआत में भारतीय टीम के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में कुल 261 रन बनाए थे।

एक टी20 सीरीज में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

  • ग्लेन फिलिप्स (न्यूजीलैंड) - 276 रन (साल 2026)
  • शे होप (वेस्टइंडीज) - 261 रन (साल 2026)
  • हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) - 229 रन (साल 2026)
  • शेरफेन रदरफोर्ड (वेस्टइंडीज) - 221 रन (साल 2026)
  • निकोलस पूरन (वेस्टइंडीज) - 184 रन (साल 2022)

फिलिप्स ने गुप्टिल की भी बराबरी

ऑकलैंड में खेले गए टी20 मैच को जहां न्यूजीलैंड की टीम 87 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही तो वहीं ग्लेन फिलिप्स को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। इसी के साथ फिलिप्स अब टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के मामले में मार्टिन गुप्टिल के बराबर पहुंच गए हैं। ग्लेन फिलिप्स ने 10वीं बार इस अवॉर्ड को अपने नाम किया है।

ये भी पढ़ें

अर्शदीप सिंह ने रच दिया नया इतिहास, T20I में पूरे किए 150 विकेट, आयरिश गेंदबाज का तोड़ा रिकॉर्ड

116 रन, 12 छक्के और बन गया वर्ल्ड रिकॉर्ड! अजमतुल्लाह उमरजई ने शतक लगाकर रच दिया नया इतिहास

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।