भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। न्यूजीलैंड की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 260 रन का टारगेट रखा है। कीवी टीम ने इस मैच में पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी की और उन्होंने 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड की तरफ से इस मैच में ग्लेन फिलिप्स ने शानदार शतक लगाया।
टीम इंडिया शुरुआती तीन मैच जीतकर इस सीरीज को पहले ही अपने नाम कर चुकी है, इसलिए अब न्यूजीलैंड की टीम अपनी इज्जत बचाने के मैदान पर उतरी है। भारत ने शुरुआती तीनों मैच टारगेट का पीछा करते हुए जीते हैं। इस मैच के लिए भारतीय टीम ने प्लेइंग XI में दो बदलाव किए हैं। भुवनेश्वर कुमार और वैभव सूर्यवंशी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह मयंक यादव और ईशान किशन को मौका मिला है।
न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 49 गेंदों पर 107 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा माइकल ब्रेसवेल ने भी तूफानी अंदाज में खेलते हुए मात्र 25 गेंदों पर 65 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 6 छक्के लगाए। पारी के अंत में नाथन स्मिथ ने नाबाद 6 रन और एडम मिल्ने ने नाबाद 1 रन बनाया। इससे पहले फिन एलेन, टिम सीफर्ट और मार्क चैपमैन जैसे बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन फिलिप्स और ब्रेसवेल की आक्रामक पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत के सामने एक बहुत बड़ा लक्ष्य रखा है। भारत की तरफ से मयंक यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
तीसरे टी20 मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराकर सीरीज में अजेय बढ़त बनाई थी। भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड से मिले 199 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 13.2 ओवर में ही आसानी से हासिल कर लिया। इस शानदार जीत में अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 38 गेंदों पर 113 रनों की बेहद तूफानी शतकीय पारी खेली और उनका साथ देते हुए युवा वैभव सूर्यवंशी ने भी मात्र 19 गेंदों में 45 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इससे पहले, टीम इंडिया ने दूसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया था और पहले टी20 मुकाबले में भी रिकॉर्ड 226 रनों के बड़े लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करके चार विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी।
भारत बनाम न्यूजीलैंड, चौथे टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
न्यूजीलैंड (प्लेइंग XI): फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर
भारत (प्लेइंग XI): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव, प्रिंस यादव