1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. RCB vs GT: बटलर के आगे नहीं चली आरसीबी गेंदबाजों की चालाकी, गुजरात टाइटंस ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत

RCB vs GT: बटलर के आगे नहीं चली आरसीबी गेंदबाजों की चालाकी, गुजरात टाइटंस ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत

RCB vs GT: गुजरात टाइटंस की टीम ने आरसीबी के खिलाफ मुकाबले को 8 विकेट से अपने नाम करने के साथ इस सीजन लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। इस मैच में जोस बटलर ने गुजरात टाइटंस की जीत में अहम भूमिका निभाई।

jos Buttler- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV जोस बटलर

आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस की टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले को 8 विकेट से एकतरफा अपने नाम करने के साथ इस सीजन अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। आरसीबी की टीम जो सीजन के अपने पहले 2 मैचों में शानदार जीत दर्ज करते हुए इस मुकाबले में खेलने उतरी थी, उसे 18वें सीजन में अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा है। आरसीबी ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लियम लिविंगस्टन की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर्स में 169 रनों का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम ने इस टारगेट को 17.5 ओवर्स में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल करते हुए मुकाबले को अपने नाम किया। गुजरात की तरफ से टारगेट का पीछा करते हुए जोस बटलर ने अहम नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।

बटलर ने संभाला एक छोर टीम को जीत दिलाकर लौटे वापस

गुजरात टाइटंस की टीम को आरसीबी के खिलाफ मैच में 170 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 32 के स्कोर पर पहला झटका शुभमन गिल के रूप में लगा था, जो सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से साईं सुदर्शन को जोस बटलर का साथ मिला और दोनों ने मिलकर पहले 6 ओवर्स में जहां टीम का स्कोर 42 रनों तक पहुंचाया तो वहीं इसके बाद दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 75 रनों की साझेदारी देखने को मिली। साईं सुदर्शन 36 गेंदों में 49 रनों की पारी खेलकर आउट हुए तो वहीं बटलर ने अंत तक बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाकर वापस लौटे। जोस बटलर ने इस मैच में 39 गेंदों में 5 चौके और 6 छक्के लगाने के साथ 73 रनों की नाबाद पारी खेली, इसके अलावा शेरफेन रदरफोर्ड ने भी 18 गेंदों में नाबाद 30 रनों की पारी खेली।

गुजरात के लिए मोहम्मद सिराज ने गेंद से निभाई अहम भूमिका

इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस टीम के गेंदबाजों का भी अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के 8 विकेट गिराने में कामयाब हुए। आरसीबी की टीम ने पावरप्ले में ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे, यहां से लियम लिविंगस्टन ने 54 रनों की पारी खेली जिसके दम पर आरसीबी की टीम 169 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। लिविंगस्टन के अलावा जीतेश शर्मा ने 33 और टिम डेविड ने 32 रनों की पारी खेली। गुजरात की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए तो वहीं साईं किशोर 2 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रहे। इसके अलावा अरशद खान, प्रसिद्ध कृष्णा और इशांत शर्मा भी 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।

ये भी पढ़ें

BCCI ने टीम इंडिया के होम शेड्यूल का किया ऐलान, ये 2 देश करेंगे भारत का दौरा, देखें पूरा कार्यक्रम

यशस्वी जायसवाल छोड़ रहे हैं अपनी टीम, अब यहां से खेलते हुए आएंगे नजर

Latest Cricket News