A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अफगानिस्तान के कोच अब इस टीम के बने हेड कोच, शेन बॉन्ड भी निभाएंगे अहम जिम्मेदारी

अफगानिस्तान के कोच अब इस टीम के बने हेड कोच, शेन बॉन्ड भी निभाएंगे अहम जिम्मेदारी

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कोच जोनाथन ट्रॉट ने ILT20 में गल्फ जॉयंट्स टीम का हाथ थाम लिया है। जोनाथन ट्रॉट हेड कोच की भूमिका में नजर आएंगे।

Jonathan Trott- India TV Hindi
Image Source : PTI अफगानिस्तान क्रिकेट टीम और हेड कोच जोनाथन ट्रॉट

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जोनाथन ट्रॉट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जोनाथन ट्रॉट ने हाल ही में SA20 की टीम प्रिटोरिया कैपिटल्स का हेड कोच पद छोड़ दिया था। उनकी जगह अब सौरव गांगुली ने ले ली है। इस बीच जोनाथन ट्रॉट ने नई टीम का हाथ थाम लिया है। जोनाथन ILT20 में गल्फ जायंट्स टीम के हेड कोच बन गए हैं। गल्फ जायंट्स ने शेन बॉन्ड को भी अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल किया है। शेन बॉन्ड आगामी सीजन के लिए गेंदबाजी कोच नियुक्त हुए हैं। जोनाथन ट्रॉट गल्फ जायंट्स में एंडी फ्लावर की जगह लेंगे। वहीं, शेन बॉन्ड ओटिस गिब्सन की जगह गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे।

अफगानिस्तान के हेड कोच होने के अलावा ट्रॉट साउथ अफ्रीकी लीग SA20 में प्रिटोरिया कैपिटल्स के भी हेड कोच थे। लेकिन उनकी जगह अब सौरव गांगुली ने ली है। बॉन्ड हाल ही में IPL में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स और साउथ अफ्रीकी लीग SA20 में पार्ल रॉयल्स के साथ जुड़े हैं।

दुबई में होगा ऑक्शन 

ट्रॉट ने एक बयान में कहा कि गल्फ जायंट्स बहुत ही कम समय में ILT20 की सबसे सफल टीमों में से एक बन गई है। उनका लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना और पहली बार आयोजित होने वाली ILT20 नीलामी के जरिए चैंपियनशिप जीतने वाली टीम बनाने में मदद करना है।

ILT20 की नीलामी 30 सितंबर को दुबई में चौथे सीजन के लिए होगी। बॉन्ड ने कहा कि टीम की महत्वाकांक्षा स्पष्ट है। वह इस सीजन में अपने गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूत करने और निर्णायक प्रभाव डालने के लिए उत्साहित हैं। जायंट्स ने एंड्रयू पुटिक को बल्लेबाजी कोच, जिम ट्रॉटन को फील्डिंग कोच और निक ली को फिटनेस कोच के रूप में भी नियुक्त किया है।

टीम में कई धाकड़ खिलाड़ी शामिल

गल्फ जायंट्स की टीम में वर्तमान में जेम्स विंस, अयान खान, मार्क अडायर, ब्लेसिंग मुजरबानी और गेरहार्ड इरास्मस जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। उनकी नई साइनिंग मोईन अली, अजमतुल्लाह उमरजई और रहमानुल्लाह गुरबाज हैं। जायंट्स ने 2023 में ILT20 का पहला सीजन जीता था। हालांकि, 2024 में वह क्वालीफायर 2 में बाहर हो गए थे और इस साल नीचे से दूसरे स्थान पर रहे थे।

यह भी पढ़ें:

एशिया कप 2025 के लिए अब इस टीम का हुआ ऐलान, 4 नए चेहरों को मिला मौका

इस धाकड़ खिलाड़ी ने कर डाली संन्यास से वापसी की घोषणा, मैदान पर दोबारा दिखेगा जलवा

Latest Cricket News