1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AFG: वनडे सीरीज से पहले हार्दिक पांड्या को लेकर आया बड़ा अपडेट, क्या खेल पाएंगे पहला मुकाबला?

IND vs AFG: वनडे सीरीज से पहले हार्दिक पांड्या को लेकर आया बड़ा अपडेट, क्या खेल पाएंगे पहला मुकाबला?

भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को इस सीरीज में खेलने की हरी झंडी दे दी गई है। वे 2 जून से सीओई में थे और अपनी फिटनेस हासिल कर रहे थे।

hardik pandya- India TV Hindi
Image Source : GETTY हार्दिक पांड्या

भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज जारी है। टेस्ट मैच तीन ही दिन में खत्म हो गया, जिसमें भारत ने पारी और 300 रन से अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। अब वनडे सीरीज की बारी है। इसका पहला मैच 13 जून को खेला जाएगा। इस बीच हार्दिक पांड्या को लेकर सस्पेंस था कि वे इसमें खेल पाएंगे कि नहीं, अब बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। हार्दिक पांड्या को सीओई की ओर से हरी झंडी दे दी गई है। यानी वे इस सीरीज में खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। 

हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा को लेकर बीसीसीआई ने लगाई थी कंडीशन

हार्दिक पांड्या एक बार फिर से वनडे मैच खेलने के ​लिए तैयार हैं। भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने पहले ही टीम इंडिया का ऐलान कर दिया था। शुभमन गिल की कप्तानी में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को भी जगह दी गई है। हालां​कि रोहित और हार्दिक को लेकर एक कंडीशन लगाई गई थी। इसमें साफ तौर पर कहा गया था कि अगर ये दोनों फिट होंगे, तभी खेल पाएंगे। अभी कुछ ही दिन पहले हार्दिक पांड्या बेंगलुरु में सीओई गए थे। अब पता चला है कि हार्दिक ने फुल फिटनेस हासिल कर ली है। 

बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने दी हार्दिक को हरी झंडी

जानकारी मिली है कि बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्पोर्ट्स साइंस टीम ने हार्दिक  को धर्मशाला से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा लेने के लिए क्लियर कर दिया है। हार्दिक पांड्या 2 जून से बेंगलुरु में CoE में हैं। BCCI के एक सोर्स ने PTI को बताया कि हार्दिक ने कई मैच सिमुलेशन किए और 10 ओवर के अपने पूरे ओवर भी डाले। उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। जानकारी यह है कि CoE के स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच ने उनके फिटनेस डेटा को ठीक कर दिया है।

साल 2025 के बाद अब वनडे मैच खेलेंगे हार्दिक पांड्या

साल 2016 में अपना वनडे डेब्यू करने वाले हार्दिक पांड्या ने आखिरी मुकाबल मार्च 2025 में खेला था, तब से लेकर अब तक वे किसी ना किसी समस्या से जूझते रहे थे। वे टी20 तो बीच बीच में खेल रहे थे, लेकिन वनडे के लिए पूरी तरह से फिट नहीं थे। साल 2025 के बाद अब जाकर वे फिर से वनडे इंटरनेशनल में खेलते हुए नजर आएंगे। ये भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर है। इस बीच जानकरी मिली है कि रोहित शर्मा भी सीओई पहुंच गए हैं। उम्मीद है कि वे भी जल्द फिट हो जाएंगे और वनडे सीरीज में खेलते हुए दिखाई देंगे। 

यह भी पढ़ें 

ICC Women's T20 World Cup 2026 से पहले भारतीय टीम के पास आखिरी मौका, कब और कितने बजे शुरू होगा अंग्रेजों के खिलाफ मुकाबला

ODI World Cup 2027 से पहले लगा झटका, बारिश ने बिगाड़ दिया सारा खेल

Latest Cricket News