आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का सीजन अब ज्यादा दूर नहीं है। पहला मुकाबला होने में कुछ ही दिन शेष हैं। इस बीच टीमें अपनी अपनी तैयारी कर रही हैं। इस वक्त वार्मअप मैच खेले जा रहे हैं। भारतीय महिला टीम अपना पहला वार्मअप मैच खेल चुकी है, जिसमें उसने कमाल का खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की। इस बीच अब दूसरे मैच की बारी है, जोकि इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा। ये मैच कब होगा और कितने बजे से भारत में देखा जा सकेगा, ये बात अभी से जान लीजिए। अगर आप इस मैच को लाइव देखना चाहते हैं तो वक्त नोट कर लीजिए।
महिला टी20 विश्व कप 2026 का पहला मैच 12 जून को, टीम इंडिया 14 जून को खेलेगी अपना मुकाबला
महिला टी20 विश्व कप का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। पहले दिन मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच मैच खेला जाएगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में 14 जून को मैदान पर उतरेगी। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाएगा। इसके लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। अब महामुकाबले का इंतजार किया जा रहा है।
भारत ने अपने पहले वार्मअप मैच में वेस्टइंंडीज को 26 रन से हराया
भारतीय टीम को विश्व कप से पहले दो वार्मअप मैच मिले हैं। पहला मुकाबला भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला, जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी। इसमें उसने आठ विकेट के नुकसान पर 179 रन बना दिए थे। भारती फूलमली ने 40 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 56 रन बनाए। इसके बाद जब वेस्टइंडीज की बैटिंग आई तो पूरी टीम 153 रन ही बना सकी। टीम ने 26 रन से इस मैच को जीत लिया। श्रेयांका पाटिल ने चार और राधा यादव ने तीन विकेट चटकाए।
भारत और इंग्लैंड के बीच वार्मअप मैच 10 जून को, दोपहर ढाई बजे शुरू होगा मैच
अब दूसरे वार्मअप मैच की बारी है। ये मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा, जो कि इस टूर्नामेंट की मेजबान भी है। ये मैच 10 जून यानी बुधवार को खेला जाएगा। ये मैच भारतीय समय अनुसार दोपहर ढाई बजे से खेला जाएगा। जो शाम करीब छह बजे तक चलेगा। टीम के पास अपनी तैयारी और विनिंग कॉबिनेशन खोजने का ये आखिरी मौका है। इसके बाद सीधे पाकिस्तान से मैच होगा। वैसे तो इस वार्मअप मैच के बहत ज्यादा मायने नहीं होते। इसमें किया गया प्रदर्शन भी खिलाड़ी के खाते में नहीं जुड़ता है, लेकिन मुख्य मुकाबले से पहले पिच और कंडीशन को समझने का अच्छा मौका जरूर मिलता है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यस्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।
यह भी पढ़ें
ODI World Cup 2027 से पहले लगा झटका, बारिश ने बिगाड़ दिया सारा खेल
वैभव सूर्यवंशी वनडे में हो गए बुरी तरह फेल, नहीं चला ट्राई सीरीज में बल्ला