IND vs PAK: दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 28 सितंबर को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। एशिया कप 2025 का खिताबी मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। खास बात यह है कि टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार दोनों टीमें चिर-प्रतिद्वंदी टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। क्रिकेट प्रेमियों में इस महामुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही है और कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहीं, पाकिस्तान की टीम भी मजबूत दावेदार के रूप में मैदान में उतरेगी।
इस मैच में कई खिलाड़ियों के पास इतिहास रचने का मौका होगा, जिनमें पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ भी शामिल हैं। हारिस रऊफ के निशाने पर एक खास रिकॉर्ड होगा। दरअसल, हारिस रऊफ ने T20 एशिया कप में 10 मैच खेले हैं और 17 विकेट अपने नाम किए हैं। भारत के खिलाफ फाइनल में 1 विकेट लेते ही वह श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा को पीछे छोड़ते हुए T20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
हार्दिक पांड्या करेंगे कमाल?
हारिस रऊफ के अलावा भारत के हार्दिक पांड्या के पास भी T20 एशिया कप में टॉप विकेट टेकर बनने का शानदार मौका है। हालांकि, हार्दिक को रऊफ की तुलना में ज्यादा विकेट चटकाने होंगे। हार्दिक पाकिस्तान के अगर 3 विकेट लेने में कामयाब होते हैं, तो वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। बशर्ते फाइनल में हारिस रऊफ को कोई विकेट नहीं मिले।
T20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
- हारिस रऊफ - 17
- वानिंदु हसरंगा - 17
- हार्दिक पांड्या - 15
- राशिद खान - 14
टीम इंडिया की नजर 9वें खिताब पर
गौरतलब है कि क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच हमेशा हाई-वोल्टेज क्रिकेट देखने को मिलता है और ऐसे में एशिया कप 2025 का फाइनल मैच रोमांचक होने जा रहा है। क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि इस फाइनल में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी और जो टीम दबाव को बेहतर संभालेगी, वही एशिया कप 2025 की ट्रॉफी अपने नाम करेगी। एशिया कप में भारत सबसे सफल टीम है। टीम इंडिया ने 8 खिताब अब तक जीते हैं। वहीं, पाकिस्तान सिर्फ 2 बार ये खिताब अपने नाम कर सकी है।
यह भी पढ़ें:
अब तक इतनी टीमें जीत चुकी हैं T20 एशिया कप का खिताब, पाकिस्तान की झोली फिर भी खाली
भारतीय गेंदबाज ने तोड़ा 166 साल पुराना रिकॉर्ड, इंग्लैंड में गेंद से मचाया तहलका
Latest Cricket News