जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे T20I मुकाबले में हरमनप्रीत कौर का बल्ला जमकर बोला। भारतीय टीम की पूर्व कप्तान ने मैदान पर उतरते ही जिम्बाब्वे की गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं और महज 41 गेंदों में नाबाद 91 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी ने न सिर्फ भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की, बल्कि उनके नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
दरअसल, हरमनप्रीत अब भारत में किसी महिला T20 इंटरनेशनल मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में 20 अक्टूबर को खेले गए तीसरे T20I मुकाबले में भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हरमनप्रीत चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं और उन्होंने जिम्बाब्वे की गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज अपनाया। अपनी 41 गेंदों की पारी में उन्होंने 10 चौके और पांच छक्के लगाए। उनकी बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 216 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड चकनाचूर
हरमनप्रीत कौर से पहले भारत में महिला T20 इंटरनेशनल मैच में किसी भारतीय बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम था। मंधाना ने 28 दिसंबर 2025 को तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका के खिलाफ 48 गेंदों में 80 रन बनाए थे। अब हरमनप्रीत ने 91 रन की नाबाद पारी खेलकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर शेफाली वर्मा हैं, जिन्होंने 26 दिसंबर 2025 को श्रीलंका के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में 42 गेंदों पर नाबाद 79 रन बनाए थे। भारत में किसी महिला T20 इंटरनेशनल मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने का ओवरऑल रिकॉर्ड हालांकि इंग्लैंड की डैनी वायट-हॉज के नाम है। उन्होंने 25 मार्च 2018 को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारत के खिलाफ 64 गेंदों पर 124 रन बनाए थे।
भारत में शतक का इंतजार
गौरतलब है कि महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक तीन भारतीय बल्लेबाजों ने कुल चार शतक लगाए हैं, लेकिन इनमें से कोई भी शतक भारतीय सरजमीं पर नहीं आया है। हरमनप्रीत कौर ने 2018 में वेस्टइंडीज की धरती पर महिला T20 इंटरनेशनल में शतक लगाया था। शेफाली वर्मा ने 2026 के एशियन गेम्स में जापान में बांग्लादेश के खिलाफ शतकीय पारी खेली। वहीं, स्मृति मंधाना के नाम इंग्लैंड और UAE में एक-एक T20 इंटरनेशनल शतक दर्ज है।
यह भी पढ़ें:
टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से हराकर बनाया नया रिकॉर्ड, घरेलू मैदान पर मिली सबसे बड़ी जीत
स्कॉट बोलैंड ने गेंद से बरपाया कहर, 5 विकेट हॉल लेने वाले बने दूसरे सबसे उम्रदराज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज
Latest Cricket News